सरकारी तेलऔर गैस कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) ने 30 जून 2021 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही के नतीजे पेश कर दिए है। पहली तिमाही में कंपनी मुनाफा सालाना आधार पर करीब 800 प्रतिशत बढ़ा है। कंपनी ने कहा कि इस तिमाही के दौरान उत्पादन में गिरावट की भरपाई तेल कीमतों के लगभग दोगुना होने से हो गई।
ONGC ने शनिवार यानी आज आए अपने बयान में कहा है कि उसका अप्रैल-जून तिमाही का मुनाफा 772.2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 4,335 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 497 करोड़ रुपये रहा था। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में कोविड-19 की वजह से लागू लॉकडाउन से मांग में गिरावट आई थी, जिससे कंपनी का मुनाफा घटा था।
पहली तिमाही के दौरान ONGC को प्रति बैरल कच्चे तेल की बिक्री पर 65.59 डॉलर मिले। इससे पिछले वित्त की समान तिमाही में कंपनी को प्रत्येक बैरल कच्चे तेल पर 28.87 डॉलर की आय हुई थी।
अप्रैल-जून तिमाही के दौरान गैस का दाम 1.79 डॉलर प्रति इकाई रहा। इस दौरान कंपनी का कच्चे तेल का उत्पादन करीब 5 फीसदी घटकर 54 लाख टन रहा। वहीं प्राकृतिक गैस का उत्पादन 4.3 प्रतिशत कम यानी 5.3 अरब घनमीटर रहा।
कंपनी ने बताया है कि इस तिमाही के दौरान उसकी कुल आय सालाना आधार पर 77 प्रतिशत बढ़कर 23,022 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।