गेमिंग फर्म नज़ारा टेक्नोलॉजीज (Nazara Technologies) ने कल यानी शुक्रवार को जून 2021 में समाप्त हुई वित्तवर्ष 2021-22 के पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए है। इस अवधि में कंपनी ने 13.6 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। बता दें कि कंपनी को अप्रैल-जून 2020 की अवधि में 21.7 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
अप्रैल-जून 2021 की पहली तिमाही के दौरान कंपनी की आय 45 प्रतिशत बढ़कर 131.2 करोड़ रुपये हो गई जबकि एक साल पहले की इसी अवधि में यह 90.5 करोड़ रुपये थी।
जून 2021 में खत्म हुई पहली तिमाही में कंपनी के ई-स्पोर्ट्स सेगमेंट (e-sports segment) की आय सालाना आधार पर दोगुना होकर 53.2 करोड़ रुपये हो गई जबकि गैमिफाइड अर्ली लर्निंग सेगमेंट (amified early learning segment) की आय लगभग 46 प्रतिशत बढ़कर 52.1 करोड़ रुपये हो गई। इस तिमाही में फ्रीमियम (freemium),टेल्को सब्सक्रिप्शन (telco subscription) और रियल मनी गेमिंग (real money gaming) कारोबार से होने वाली कमाई क्रमशः 5.8 करोड़ रुपये, 17.9 करोड़ रुपये और 2.2 करोड़ रुपये रही है।
कंपनी ने कहा है कि Q1 FY22 में आय और मुनाफे में बढ़त से कंपनी के बिजनेस मॉडल और कारोबारी मजबूती का संकेत मिलता है।
नज़ारा टेक्नोलॉजीज ग्रुप सीईओ मनीष अग्रवाल ने कंपनी के नतीजों पर बात करते हुए कहा कि हम मार्जिन ऑप्टिमाइज़ेशन की रणनीतिक को प्राथमिकता देना जारी रखेंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे कारोबार में हमारी लीडरशिफ पोजीशन आगे भी कायम रहे। उन्होंने आगे कहा कि इस तिमाही में सभी सेगमेंट में बिजनेस इंडीकेटर मजबूत बने हुए हैं। इससे आगे कंपनी की ई-स्पोर्ट्स कारोबार को मजबूत करने में मदद मिलेगी।