Auto Expo का 16वां एडिशन तीन साल के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार एक बार फिर 11 जनवरी से शुरू होने वाला है। यह इवेंट 18 जनवरी 2023 तक चलेगा। भारत के सबसे बड़े मोटर शो का आयोजन ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश में इंडिया एक्सपो मार्ट में होने वाला है। इस प्रदर्शनी में कई कार कंपनियां, टू व्हीलर OEM, ईवी कंपनियां और कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली कंपनियां शामिल होंगी। इसके अलावा, नई दिल्ली के प्रगति मैदान में ऑटो एक्सपो कंपोनेंट्स शो का आयोजन किया जाएगा। यहां हमने Auto Expo 2023 से जुड़ी तमाम जानकारियां दी हैं।
ऑटो एक्सपो भारत की सबसे बड़ी द्विवार्षिक ऑटोमोबाइल प्रदर्शनी है। यह हर दो साल में एक बार होता है और आखिरी एडिशन 2020 में आयोजित किया गया था। इसके 2022 एडिशन को पिछले साल COVID-19 प्रतिबंधों के कारण 2023 तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।
ऑटो एक्सपो मोटर शो 11 से 18 जनवरी 2022 तक आयोजित किया जाएगा। बता दें कि 11 और 12 जनवरी केवल मीडिया कर्मियों के लिए हैं। 13 जनवरी से 18 जनवरी 2022 तक आम लोग भी मोटर शो में शामिल हो सकते हैं। सप्ताह के दिनों में ऑटो एक्सपो मोटर शो सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगा। जबकि वीकेंड में यह सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक ओपन रहेगा। एक्सपो के आखिरी दिन 18 जनवरी को यह सिर्फ सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा।
India Expo Mart तक कैसे पहुंचे?
कोई भी सड़क या मेट्रो मार्गों से ऑटो एक्सपो 2023 स्थल, ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट तक पहुंच सकता है। यह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 51 किमी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 41 किमी और नोएडा सेक्टर 18 से 28 किमी दूर है। इंडिया एक्सपो मार्ट, ऑटो एक्सपो 2023 के आयोजन स्थल का निकटतम मेट्रो स्टेशन नॉलेज पार्क II है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से आने वाले लोगों को नोएडा सेक्टर 51 से सीधे ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क II तक पहुंचने के लिए एक्वा लाइन मेट्रो लेनी होगी।
कहां मिलेगा टिकट और कितना है प्राइस
BookMyShow की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑटो एक्सपो 2023 मोटर शो के लिए ऑनलाइन टिकट खरीदे जा सकते हैं। प्रत्येक टिकट केवल एक बार उपयोग में लाया जा सकता है। Auto Expo 2023 के लिए टिकट की कीमत 13 जनवरी के लिए 750 रुपये, 14 और 15 जनवरी के लिए 475 रुपये और बाद के दिनों में 350 रुपये है। पांच साल तक के बच्चों के लिए किसी तरह के टिकट की जरूरत नहीं होगी।
इवेंट में ये पॉपुलर गाड़ियां हो सकती हैं लॉन्च
आगामी ऑटो एक्सपो में कुछ पॉपुलर लॉन्च में मारुति सुजुकी जिम्नी 5-डोर, मारुति की कॉन्सेप्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी, हुंडई Ioniq 5, हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट, किआ सेल्टोस फेसलिफ्ट, किआ कार्निवल, किआ ईवी9 कॉन्सेप्ट, एमजी एयर ईवी, एमजी हेक्टर फेसलिफ्ट, शामिल हैं। इसके साथ ही, टोयोटा जीआर Corolla, टाटा पंच ईवी, टाटा सफारी फेसलिफ्ट, BYD सील ईवी जैसी गाड़ियां भी लॉन्च हो सकती हैं।