दिल्ली में इलेक्ट्रिक गाड़ियां रखने वालों के लिए गुड न्यूज, 1 जून से दोपहर 12 से 3 बजे तक मिलेगी फ्री चार्जिंग की सुविधा

दिल्लीवासी 1 जून से राष्ट्रीय राजधानी के 40 से अधिक पब्लिक चार्जिंग स्टेशन पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अपना इलेक्ट्रिक वाहन मुफ्त में चार्ज कर सकेंगे

अपडेटेड Apr 05, 2022 पर 11:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अधिकारियों ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना है

Electric Vehicle Charging: दिल्ली में इलेक्ट्रिक गाड़ियां (Electric Vehicle) रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली में अब फ्री में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। जी हां,  दिल्लीवाले एक जून से राजधानी के 40 से अधिक पब्लिक चार्जिंग स्टेशनों पर दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक अपनी इलेक्ट्रिक वाहन गाड़ियां मुफ्त में चार्ज कर सकेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि इस कदम का मकसद इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और पब्लिक स्टेशनों पर EV चार्जिंग को प्रोत्साहित करना है। दोपहर के समय EV निशुल्क चार्ज करने की पहल की शुरुआत ईवी चार्जिंग स्टार्टअप इलेक्ट्रिवा (ElectriVa) ने की है, जिसने तीनों नगर निगमों के साथ साझेदारी कर दिल्ली में 40 से अधिक पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए हैं।

ये भी पढ़ें- Weather Forecast: अगले 5 दिनों के दौरान इन राज्यों में झेलनी पड़ेगी भीषण गर्मी और लू की मार, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट


इसके अलावा, इन चार्जिंग स्टेशन पर सुबह और शाम के समय वाहन चार्ज की प्रति यूनिट दर 10 रुपये रखी गई है। ElectriVa के फाउंडर सुमित धनुका (Sumit Dhanuka) ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि उनकी कंपनी दिल्ली में प्रत्येक तीन किलोमीटर की दूरी पर एक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी।

दिल्ली सरकार ने 59% इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों को दी सब्सिडी

दिल्ली सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी के तहत राज्य में 1,39,945 रिजस्टर्ड इलेक्ट्रिक वाहनों के लगभग 59 प्रतिशत मालिकों को सब्सिडी दी है। पिछले महीने दिल्ली विधानसभा में विधायक अजय महावर द्वारा उठाए गए सवाल के लिखित जवाब में परिवहन विभाग ने यह जानकारी दी थी। विभाग ने बताया कि पात्र इलेक्ट्रिक वाहनों के 57,796 मालिकों को विभिन्न कारणों से सब्सिडी नहीं दी गई है।

इन वाहन मालिकों को दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी के तहत वाहनों के पात्र नहीं होने और मालिकों द्वारा उचित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण सब्सिडी नहीं दी गई है। विभाग ने बताया कि कुछ मामलों में इलेक्ट्रिक वाहनों के मालिकों द्वारा अप्लाई नहीं करने के कारण भी सब्सिडी नहीं दी गई। दिल्ली सरकार ने आश्वासन दिया है कि सभी पात्र ईवी मालिकों को जल्द ही सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

ई-कारों की बिक्री भी बढ़ी

राष्ट्रीय राजधानी में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में तेजी आई है। इस साल जनवरी से लेकर मार्च तक जितने भी इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है उनमें से 55 प्रतिशत दोपहिया वाहन हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से लेकर 14 मार्च तक कुल 10,707 इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है, जिनमें से 5,888 दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन (ई-बाइक और ई-स्कूटर) हैं।

बाकी के 45 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहनों में ई-रिक्शा, ई-कार, ई-बस, इलेक्ट्रिक हल्की मालवाहक गाड़ियां और ई-कार्ट हैं। जनवरी में 1,760 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि फरवरी में ऐसे 2,383 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ। वहीं, 14 मार्च तक कुल 1,745 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।