Electric Vehicles: अगर आप नई इलेक्ट्रिक कार (Electric Cars) या बाइक (Electric Bikes) खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो कुछ महीने रुक जाइए। जी हां, एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे पढ़ने के बाद आप आप अपनी कार या बाइक खरीदने की प्लानिंग को एक साल तक टाल सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (Electric Vehicles) को लेकर ऐसा ऐलान किया है, जिसे सुनकर आप खुशी से झूम उठेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले दिनों दावा किया था कि अगले एक साल में इलेक्ट्रिक व्हीकल की कीमत पेट्रोल गाड़ियों के बराबर हो जाएगी। गडकरी ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि एक साल के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों (Electric Vehicles) की कीमत पेट्रोल गाड़ियों की लागत के बराबर होगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार पेट्रोल और डीजल के बजाए फसल अवशेषों से एथनॉल उत्पादन को बढ़ावा दे रही है।
गडकरी ने कहा, ‘‘मैं कोशिश कर रहा हूं कि देश में एक साल के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत पेट्रोल गाड़ियों की लागत के बराबर हो। इससे हम जीवाश्म ईंधन (पेट्रोल, डीजल आदि) पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचा सकेंगे।’’
इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में 800% की वृद्धि
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैटरी की ऊंची लागत के कारण इलेक्ट्रिक वाहन महंगे हैं। इसकी हिस्सेदारी वाहन कीमत में 35 से 40 प्रतिशत है। गडकरी के अनुसार, सभी व्हीकल कैटेगरी में भारत में बिकने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में 800% की वृद्धि हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार व्यापक स्तर पर हरित ईंधन को बढ़ावा दे रही है। गडकरी ने कहा कि जलमार्ग सड़क के मुकाबले परिवहन का सस्ता माध्यम है और इस पर तेजी से काम हो रहा है। इसके बाद भी वह कई कार्यक्रमों में अपने इस वादे को दोहरा चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री की तरफ से की गई इस घोषणा को कार और बाइक चलाने वालों ने हाथों-हाथ लिया है। मंत्री के इस दावे पर लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया सामने आ रही है। गडकरी के वादे के अनुसार साल 2023 के आखिरी या 2024 में यह संभव होने की उम्मीद है।