पेट्रोल, डीजल और CNG के अलावा भी एक वैकल्पिक ईंधन की वकालत करने वाले केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) बुधवार को हाइड्रोजन से चलने वाली कार (Hydrogen Car) से संसद (Parliament) पहुंचे। नितिन गडकरी, Toyota Mirai कार से संसद पहुंचे, जो देश की पहली हाइड्रोजन कार है। भारतीय सड़कों और जलवायु परिस्थितियों पर इसके असर का अध्ययन करने के लिए, एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे लॉन्च किया गया है।
गडकरी ने संसद के बाहर न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "आत्मानबीर बनने के लिए, हमने हरे हाइड्रोजन की शुरुआत की है जो पानी से उत्पन्न होती है।" उन्होंने कहा, "अब देश में ग्रीन हाइड्रोजन का निर्माण शुरू होगा, इंपोर्ट पर अंकुश लगेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।"
गडकरी ने हाइड्रोजन का ग्लोबल एक्सपोर्टर बनने के लिए केंद्र के 3,000 करोड़ रुपये के मिशन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "जहां भी कोयले का इस्तेमाल किया जाएगा (देश में), वहां ग्रीन हाइड्रोजन का इस्तेमाल किया जाएगा।"
इस महीने की शुरुआत में, गडकरी ने ग्रीन हाइड्रोजन-बेस्ड एडवांस फ्यूल सेल इलेक्ट्रिक वाहन (FCEV) लॉन्च किया, जो इसे सर्वश्रेष्ठ शून्य-उत्सर्जन समाधानों (zero-emission solutions) में से एक कहता है।
गडकरी करते हैं वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की वकालत
गडकरी ने उद्घाटन समारोह में कहा था कि मैं इसे खुद एक पायलट प्रोजेक्ट (वैकल्पिक ईंधन पर) के रूप में इस्तेमाल करूंगा। जापान की टोयोटा कंपनी ने मुझे एक गाड़ी दी है, जो ग्रीन हाइड्रोजन पर चलती है।
मंत्री ने संसद में भी वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की हिमायत की है। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में लोकसभा में कहा था, "मैं कह सकता हूं कि ज्यादा से ज्यादा दो साल के भीतर इलेक्ट्रिक स्कूटर, कार, ऑटोरिक्शा की कीमत पेट्रोल से चलने वाले स्कूटर, कार, ऑटोरिक्शा के बराबर होगी।"
उन्होंने कहा, "लिथियम आयन बैटरी की कीमतों में कमी आ रही है। हम जिंक-आयन, एल्युमिनियम-आयन, सोडियम-आयन बैटरी के इस रसायन को विकसित कर रहे हैं। अगर पेट्रोल पर आप 100 रुपये खर्च कर रहे हैं तो इलेक्ट्रिक वाहन पर 10 रुपये खर्च करेंगे।"