Maruti ने S-Presso और Eeco मॉडल की 87,599 गाड़ियों को रिकॉल किया

जिन गाड़ियों को वापस मंगाया गया है, उनकी मैन्युफैक्चरिंग 5 जुलाई 2021 से 15 फरवरी, 2024 के बीच हुई थी। कंपनी ने बताया कि इन गाड़ियों की स्टीयरिंग में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं और इसी वजह से यह कदम उठाया गया है। इस साल मारुति सुजुकी ने 3 बार अपनी गाड़ियां वापस ली हैं। जनवरी में कंपनी ने 17,362 गाड़ियों को रिकॉल किया, तो वहीं अप्रैल में 7,213 गाड़ियां रीकॉल की थीं

अपडेटेड Jul 24, 2023 पर 10:15 PM
कंपनी गड़बड़ी की शिकायत वाली कारों की जांच और रिप्लेसमेंट बिल्कुल फ्री करेगी।

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) ने अपने एस-प्रेसो (S-Presso) और इको (Eeco) मॉडल की 87,599 गाड़ियों (यूनिट्स) को वापस मंगाने (रिकॉल करने) का फैसला किया है। कंपनी ने बताया कि इन गाड़ियों की स्टीयरिंग में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं और इसी वजह से यह कदम उठाया गया है।

इस सिलसिले में कंपनी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, जिन गाड़ियों को वापस मंगाया गया है, उनकी मैन्युफैक्चरिंग 5 जुलाई 2021 से 15 फरवरी, 2024 के बीच हुई है। कंपनी के मुताबिक, 'इस बात की आशंका है कि स्टीयरिंग टाई रॉड के एक हिस्से में गड़बड़ी है। इससे गाड़ियों की स्टीयरिंग के इस्तेमाल में दिक्कत हो सकती है और अपवादस्वरूप मामलों में यह टूट भी सकती है। मारुति सुजुकी के मुताबिक, गड़बड़ी वाले पार्ट की मुफ्त जांच और रीप्लेसमेंट के लिए संबंधित गाड़ी मालिकों को जल्द कंपनी के ऑथराइज्ड डीलर वर्कशॉप से सूचना मिलेगी।

कंपनी ने एहतियात के तौर पर दोनों कारों को वापस बुलाना शुरू कर दिया है। अगर आपके पास भी मारुति की ये गाड़ियां है तो आपको अथॉराइज्ड वर्कशॉप कस्टमर्स केयर से संपर्क कर उन्हें अपनी समस्या बतानी है। कंपनी इन कारों की जांच और रिप्लेसमेंट बिल्कुल फ्री करेगी।

BMW ने अपने नए मॉडल फेसलिफ्ट X5 को भारत में किया लॉन्च, जानिए इस कार की खासियत और कीमत


यह कोई पहला मामला नहीं है। इस साल मारुति सुजुकी ने 3 बार अपनी गाड़ियां वापस ली हैं। जनवरी में कंपनी ने 17,362 गाड़ियों को रिकॉल किया, तो वहीं अप्रैल में 7,213 गाड़ियां रीकॉल की थीं। अब तीसरी बार कंपनी ने 87000 से अधिक गाड़ियों को वापस लिया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE ) में 24 जुलाई को कंपनी का शेयर 0.77% की गिरावट के साथ 9,694.8 रुपये पर बंद हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।