कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी एमजी मोटर इंडिया (MG Motor India) ने अपनी प्रीमियम एसयूवी Gloster का नया एडिशन लॉन्च किया है। इस नई कार की शुरुआती कीमत 40.29 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। एमजी मोटर ने ग्लॉस्टर के इस एडिशन को ब्लैकस्टॉर्म (Blackstorm) नाम दिया है, जो लेवल-1 ADAS (एडवांस ड्राइवर-असिस्टेंस सिस्टम) के साथ आता है। आइए जानते हैं कि इस नए वर्जन में क्या खास है।
ग्लॉस्टर के इस नए एडिशन में 2-लीटर डीजल पावरट्रेन दिया गया है। यह 30 से अधिक सेफ्टी फीचर्स के साथ आता है, जिसमें फर्स्ट-इन-सेगमेंट लेवल -1 ADAS शामिल है। एमजी मोटर इंडिया के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव गुप्ता ने बयान में कहा, ‘‘एमजी ग्लॉस्टर सुविधा, मौज-मस्ती और आधुनिक तकनीक के एक अनोखे प्रतीक का प्रतिनिधित्व करती है। इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए ग्लॉस्टर ब्लैकस्टॉर्म रोमांच से भरपूर है।’’ उन्होंने आगे कहा कि यह मॉडल प्रीमियम एसयूवी ओनर्स की उम्मीदों से बेहतर है। इस कार में बेहतरीन फीचर्स दिए गए हैं।
गुजरात के हलोल में लगाया जाएगा दूसरा प्लांट
एमजी मोटर इंडिया वर्तमान में गुजरात के हलोल में अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से प्रोडक्ट बनाती है, जिसे उसने जनरल मोटर्स से अधिग्रहित किया था। हलोल प्लांट हर साल 1.2 लाख यूनिट तक उत्पादन कर सकता है। कंपनी का दूसरा प्लांट भी हलोल में लगाया जाएगा, जिससे इसकी स्थापित क्षमता 3 लाख यूनिट प्रति वर्ष हो जाएगी। एमजी मोटर ने कहा कि उसका लक्ष्य इलेक्ट्रिक व्हीकल पर फोकस के साथ देश में 4-5 नई कारों को लॉन्च करना है।