Tata Motors Tiago EV: टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने भारत में अपनी लेटेस्ट और देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार टाटा टियागो ईवी (Tata Tiago EV) लॉन्च कर दी है। आपको बता दें कि टाटा मोटर्स का घरेलू इलेक्ट्रिक कार मार्केट (Indian Electric Car Market) में पहले से ही दबदबा है। अब पहली हैचबैक इलेक्ट्रिक व्हीकल के लॉन्च होने से कंपनी का वर्चस्व और बढ़ने का अनुमान है।
ग्राहक टाटा टिआगो के ईवी अवतार का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। टाटा मोटर्स पहले से ही Tata Nexon EV और Tata Tigor EV जैसे मॉडलों के साथ देश में ईवी सेगमेंट को लीड कर रही है। एसयूवी सेगमेंट वाली Tata Nexon EV को खासा पसंद किया गया है।
Tata Tiago EV की कीमत का खुलासा हो गया है। इसकी शुरुआती कीमत 8.49 लाख रुपए है। इसे दो बैटरी साइज ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है। 12.2 kWh बैटरी पैक के लिए 8.49 लाख रुपये और 24 kWh बैटरी पैक के लिए 9.09 लाख रुपये शुरुआती कीमत है।
टाटा मोटर्स का कहना है कि यह कीमत Tiago EV बुक करने वाले पहले 10,000 ग्राहकों के लिए लागू है। इनमें से Tata Nexon EV और Tata Tigor EV के मौजूदा ग्राहकों के लिए 2,000 स्लॉट रखे गए हैं। Tata Tiago EV की बुकिंग 10 अक्टूबर से शुरू होगी और डिलीवरी जनवरी 2023 में शुरू होगी।
Tiago EV की चार्जिंग की बात करें तो यह कार 15A पावर सॉकेट को सपोर्ट करती है जिसे इमरजेंसी स्थिति में इस्तेमाल किया जा सकता है। Tata Tiago EV की बैटरी को DC फास्ट चार्जर से 80 फीसदी चार्ज करने में करीब एक घंटे का समय लगेगा। कंपनी 7.2 kW का AC चार्जर प्रदान कर रही है जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह कार को 3 घंटे 36 मिनट में पूरी तरह से चार्ज करने में सक्षम है। इसके अलावा, Tiago EV डीसी फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है जो 57 मिनट में कार को 80 फीसदी तक चार्ज कर सकता है।
यह ध्यान रहे कि छोटे बैटरी पैक वाले वेरिएंट केवल 3.3 kW चार्जर और 15A पावर आउटपुट को सपोर्ट करते हैं। बड़े बैटरी पैक वाले वेरिएंट इन दोनों ऑप्शन को भी सपोर्ट करते हैं और साथ ही 7.2 kW AC चार्जर को भी सपोर्ट करते हैं। Tiago EV में 24kWh का बैटरी पैक है, जो एक बार पूरी तरह से चार्ज हो जाने पर 315 किलोमीटर का रेंज देने में सक्षम है। वहीं, 19.2 kWh बैटरी पैक ऑप्शन एक बार चार्ज होने के बाद 250 किलोमीटर तक दौड़ सकती है।
देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह टाटा मोटर्स की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों में से एक है। कंपनी का दावा है कि यह देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार है। लॉन्चिंग के साथ ही टाटा Tiago भारत में ईवी के रूप में पेश की जाने वाली पहली प्रीमियम हैचबैक बन गई है।
टाटा ने यह भी खुलासा किया है कि Tiago EV प्रीमियम लेदर सीट से लैस है। Tata Motors ने पुष्टि की है कि कार में ZConnect टेक्नोलॉजी होंगी जो स्मार्टफोन और स्मार्टवॉच कनेक्टिविटी को सपोर्ट करेंगी। Tata Motors अपनी ZConnect सर्विस के हिस्से के रूप में 45 कनेक्टेड कार सुविधाएं भी दे रही है जिसमें रिमोट एयर कंडीशनिंग कंट्रोल, रिमोट Geo फेंसिंग, व्हीकल्स ट्रैकिंग और व्हीकल्स टेलीमैटिक्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
टाटा Tiago EV में दो ड्राइविंग मोड मिलेंगे। ये ईवी 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड 5.7 सेकंड में पकड़ेगी। इससे पहले कंपनी टाटा Nexon EV, Nexon EV Max और Tigor EV की बिक्री कर रही है। Tata Tiago EV अब टाटा के उन इलेक्ट्रिक बेड़े का हिस्सा हो जाएगा, जिसमें Nexon EV, Tigor EV, Nexon EV Max और Nexon EV प्राइम शामिल हैं।