Volvo Car India : कार खरीदने वालों की सबकी अपनी पसंद होती है। कई लोग फीचर्स देखकर कार खरीदते हैं तो वहीं कई लोगों को बेहतर माइलेज की तलाश होती है। वहीं, कई ऐसे भी होते हैं जो सुरक्षित कार खरीदना पसंद करते हैं। स्वीडिश कार कंपनी Volvo को दुनिया में सबसे सुरक्षित कार बनाने के लिए जाना जाता है। हालांकि हैरानी की बात यह है कि भारत में इसकी लोकप्रियता अब भी बेहद कम है। सेफ्टी के लिहाज से बेस्ट मानी जाने वाली इस कंपनी की कारों के बारे में भारत में कम ही लोग जानते हैं। भारतीय बाजार में इस कंपनी के कारों की बिक्री अन्य कंपनियों की तुलना में कम है। आइए जानते हैं इसकी तीन बड़ी वजह क्या है।
भारत में कम ही मॉडल हैं उपलब्ध
Volvo की कम मॉडल ही भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध है। कंपनी भारतीय बाजार में कुल 5 मॉडल बेचती है, जिसमें XC40, XC40 Recharge, XC60, XC90, और S90 शामिल है। ऐसे कस्टमर जो लग्जरी कार खरीदना चाहते हैं और उनके लिए सेफ्टी पहली प्राथमिकता है, वे Volvo की कार खरीदना पसंद करते हैं। हालांकि, मर्सिडीज और BMW जैसी कंपनियां इसी रेंज में ज्यादा फीचर्स के साथ कार बेचती है।
Volvo की कारें सेफ्टी के मामले में बेहतर तो हैं लेकिन इनकी कीमत भी बहुत ज्यादा है। दरअसल, वोल्वो की कारों में बेहतर क्वालिटी के मटेरियल इस्तेमाल होते हैं। इसके अलावा, इन कारों को बेहतर रिसर्ट और टेक्नोलॉजी के साथ तैयार किया जाता है। यही वजह है कि इसकी कारें भारतीय बाजार की अन्य कंपनियों की कारों की तुलना में महंगी होती हैं। भारत में कंपनी के कारों की कीमत 50 लाख रुपये से लेकर 1.5 करोड़ रुपये से भी ज्यादा तक जाती है।
कम लोगों को है इस ब्रांड की जानकारी
Volvo के कारों की बिक्री भारतीय बाजार में कम होने की एक बड़ी वजह यह भी है कि इसके बारे में कम ही लोगों को पता है। ज्यादातर लग्जरी कार खरीदने वाले लोग Mercedes, Audi और BMW जैसी कारों को खरीदना पसंद करते हैं। लोगों को लग्जरी कारों के नाम पर इन्हीं कुछ ब्रांड की जानकारी है। हालांकि, Volvo भी इस सेगमेंट में बेहतरीन प्रोडक्ट पेश करती है।
मार्च तिमाही में बिकी 544 कारें
वॉल्वो कार इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने इस साल की पहली तिमाही में 544 कारें बेची है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 38 फीसदी अधिक है। ऑटोमेकर ने पिछले साल जनवरी-मार्च की अवधि में 393 कारों की बिक्री की थी। स्वीडिश फर्म ने 2007 में भारतीय बाजार में एंट्री की थी और वर्तमान में देश भर में 25 डीलरशिप के माध्यम से प्रोडक्ट्स बेचती है।