अमेरिका में शॉर्ट-वीडियो शेयरिंग ऐप TikTok की सर्विस फिर से शुरू हो रही है। इसकी वजह है नए बनने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिली राहत। ट्रंप ने कहा है कि वह सोमवार को शपथ लेने के बाद एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के जरिए अमेरिका में TikTok की एक्सेस को रिवाइव करेंगे। लेकिन वह यह भी चाहते हैं कि ऐप का कम से कम आधा हिस्सा अमेरिकी निवेशकों के पास हो। ट्रंप के इस ऐलान के बाद TikTok ने रविवार को अमेरिका में अपनी सर्विस बहाल करना शुरू कर दिया।
TikTok ने अमेरिका में शनिवार देर रात से काम करना बंद कर दिया था। इतना ही नहीं रविवार को लागू होने वाले कानून से पहले Apple और Google के ऐप स्टोर से भी यह गायब हो गया। TikTok ने अपने ऐप पर एक नोटिस के जरिए सर्विस बंद होने की जानकारी दी थी।
अमेरिका में TikTok बंद होने की वजह है कि अप्रैल 2024 में एक विधेयक को कानून में बदल दिया गया, जिसके अनुसार TikTok का मालिकाना हक रखने वाली चीन की कंपनी बाइटडांस को 19 जनवरी तक इससे अलग होने को कहा गया। ऐसा न होने पर अमेरिका में ऐप पर बैन लगाने की बात कही गई। DC सर्किट कोर्ट ने भी 'प्रोटेक्टिंग अमेरिकन्स फ्रॉम फॉरेन एडवर्सरी कंट्रोल्ड एप्लीकेशंस' एक्ट को बरकरार रखने का फैसला दिया था। अमेरिकी अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि TikTok की पेरेंट कंपनी ByteDance के जरिए अमेरिकियों के डेटा का गलत इस्तेमाल होने का खतरा है।
TikTok के लिए ट्रंप ने जॉइंट वेंचर की उठाई बात
रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण से पहले रविवार को एक रैली में कहा, "सच कहूं तो, हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। हमें इसे बचाना है।" आगे कहा कि अमेरिका 17 करोड़ अमेरिकियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले TikTok को बहाल करने के लिए एक जॉइंट वेंचर की तलाश करेगा। रैली से कुछ घंटे पहले यूजर्स को दिए गए संदेश में TikTok ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों के नतीजतन TikTok अमेरिका में वापस आ गया है।" हालांकि रविवार शाम तक ऐप अमेरिकी ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं था।
ट्रंप चाहते हैं कि जॉइंट वेंचर में संयुक्त राज्य अमेरिका के पास 50% शेयर हों। उन्होंने यह भी कहा कि एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में यह मेंशन किया जाएगा कि उनके आदेश से पहले TikTok को बंद होने से बचाने में मदद करने वाली किसी भी कंपनी के लिए कोई लायबिलिटी नहीं होगी।
TikTok ने ट्रंप को कहा धन्यवाद
सीएनबीसी के मुताबिक, TikTok ने X पर लिखा, "हमारे सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ समझौते में TikTok सर्विस बहाल करने की प्रक्रिया में है। हम राष्ट्रपति ट्रंप को हमारे सर्विस प्रोवाइडर्स को जरूरी स्पष्टता और आश्वासन प्रदान करने के लिए धन्यवाद देते हैं कि उन्हें 17 करोड़ से अधिक अमेरिकियों को TikTok उपलब्ध कराने और 70 लाख से अधिक छोटे व्यवसायों को फलने-फूलने की अनुमति देने पर कोई दंड नहीं भुगतना पड़ेगा। हम राष्ट्रपति ट्रंप के साथ एक लॉन्ग टर्म समाधान पर काम करेंगे जो TikTok को संयुक्त राज्य अमेरिका में बनाए रखेगा।"