World's Fastest Internet Network: इंटरनेट स्पीड के मामले में चीन बाकी दुनिया से आगे निकल गई है। चीन के दावे के मुताबिक इसने दुनिया के सबसे तेज नेटवर्क को चालू कर दिया है जो मौजूदा नेटवर्क से कई गुना तेज है। चीन की तकनीकी कंपनी हुवावे (Huawei) के मुताबिक इसकी स्पीड 1.2 टेराबिट्स (या 1200 गीगाबिट्स) प्रति सेकंड है यानी कि एक सेकंड में 150 मूवीज डाउनलोड कर सकेंगे। इस हफ्ते एक प्रेस कांफ्रेंस में हुवावे और चाइना मोबाइल ने आधिकारिक तौर पर चीन के अगली पीढ़ी के बैकबोन नेटवर्क को लॉन्च किया। इसे बीजिंग के शिंघुआ नेटवर्क (Tsinghua University) और चीन सरकार के फंड से चलने नाली एडुकेशन और रिसर्च नेटवर्क सर्नेट (Cernet) के साझेदारी में तैयार किया गया है।
कब मिलेगी आम लोगों को सबसे तेज इंटरनेट स्पीड
आम लोगों को इंटरनेट की सबसे तेज स्पीड कब तक मिलेगी, इसे लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। अभी यह नेटवर्क बीजिंग और साउथ के बीच 1800 मील (2897 किमी) में फैले ऑप्टिक फाइबर केबल के जरिए चल रहा है। प्रेस रिलीज में इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है कि देश भर में इसका विस्तार कब तक हो पाएगा। इस बार की गर्मियों में इसका परीक्षण शुरू हुआ था और अब इसकी लॉन्चिंग भी हो गई जो एक्सपर्ट्स के अनुमान से दो साल जल्दी है। इसमें हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों ही चीन में तैयार की गई है।
अहम मौके पर चीन ने किया लॉन्च
चीन ने दुनिया का सबसे तेज इंटरनेट नेटवर्क ऐसे समय में लॉन्च किया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से सैन फ्रांसिस्को में मुलाकात करने वाले हैं। प्रेस रिलीज के मुताबिक इससे पहले शी जिनपिंग ने कहा था कि बैकबोन नेटवर्क चीन को साइबर पावर के रूप में स्थापित कर देगा और यह इंटरनेट की कोर तकनीकों की ग्रोथ को बढ़ावा देगी।
यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकार की किसी यात्रा के साथ कोई बड़ा तकनीकी लॉन्च हुआ है। हुआवे ने इससे पहले चीन में ही बनी 5जी चिप लगी हुई अपना Mate 60 Pro स्मार्टफोन तब लॉन्च किया था जब अमेरिकी राजनयिक चीन के दौरे पर थे। अमेरिकी सरकार ने बाद में कहा था कि वह इस बात की जांच कर रही है कि चीन की विदेशी चिप टेक्नोलॉजी तक पहुंच को प्रतिबंधित करने के अमेरिकी प्रयासों के बावजूद कंपनी के पास ऐसी चिप बनाने की तकनीक कैसे पहुंची।