कौन हैं गुंजन सोनी, जो भारत में बनी YouTube की नई बॉस, संभालेंगी ये बड़ी जिम्मेदारी

YouTube : गुंजन सोनी को बिजनेस, तकनीक, मार्केटिंग और ई-कॉमर्स में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। इससे पहले वह फ्लिपकार्ट के स्वामित्व वाले फैशन प्लेटफॉर्म Myntra में तीन साल तक काम कर चुकी हैं। यहां वह पहले चीफ मार्केटिंग ऑफिसर और बाद में जबोंग की प्रमुख रहीं

अपडेटेड Apr 28, 2025 पर 3:57 PM
Story continues below Advertisement
गुंजन सोनी, यूट्यूब इंडिया की नई कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर बनी हैं।

YouTube : यूट्यूब ने गुंजन सोनी को इंडियन मार्केट के लिए नया कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है। गुंजन इससे पहले ज़लोरा ग्रुप की सीईओ रह चुकी हैं। यह नियुक्ति यूट्यूब के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि भारत उसका सबसे बड़ा यूज़र बेस वाला बाजार है। गुंजन की यह नियुक्ति तब हुई है जब यूट्यूब इंडिया के पूर्व प्रबंध निदेशक ईशान चटर्जी ने कंपनी छोड़कर जियोस्टार में नई भूमिका संभाली थी। गुंजन अब भारत में बड़ी टेक कंपनियों में नेतृत्व कर रहीं महिला अधिकारियों की बढ़ती सूची में शामिल हो गई हैं।

कौन हैं गुंजन सोनी

गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2024 में प्रीति लोबाना को गूगल इंडिया का कंट्री मैनेजर और उपाध्यक्ष बनाया गया था, जबकि संध्या देवनाथन मेटा इंडिया की उपाध्यक्ष के तौर पर काम कर रही हैं। यूट्यूब इंडिया की नई कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर बनने से पहले, गुंजन सोनी ने सिंगापुर में ऑनलाइन फैशन ई-कॉमर्स कंपनी ज़लोरा ग्रुप की सीईओ के रूप में छह साल तक काम किया। कंपनी के मुताबिक, अपने कार्यकाल के दौरान सोनी ने ज़लोरा में कई नई श्रेणियां और बिजनेस मॉडल शुरू किए, साथ ही निजीकरण और लॉयल्टी प्रोग्राम्स के जरिए यूज़र्स का अनुभव भी बेहतर किया।


ई-कॉमर्स  में काम करने हैं लंबा अनुभव

गुंजन सोनी को बिजनेस, तकनीक, मार्केटिंग और ई-कॉमर्स में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। इससे पहले वह फ्लिपकार्ट के स्वामित्व वाले फैशन प्लेटफॉर्म Myntra में तीन साल तक काम कर चुकी हैं। यहां वह पहले चीफ मार्केटिंग ऑफिसर और बाद में जबोंग की प्रमुख रहीं। इसके अलावा, उन्होंने स्टार इंडिया में भी लगभग दो साल तक कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में काम किया, जहां उन्होंने डिजिटल कंटेंट और स्पोर्ट्स में कई नई पहलें शुरू कीं। उन्होंने 2015 में वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म हॉटस्टार के लॉन्च में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इससे पहले सोनी मैकिन्से में कंज्यूमर और मार्केटिंग प्रैक्टिस की पार्टनर भी रह चुकी हैं।

यूट्यूब एपीएसी के उपाध्यक्ष गौतम आनंद ने कहा कि, क्रिएटर इकोनॉमी और भारत में वीडियो कॉमर्स के माहौल को लेकर गुंजन सोनी की गहरी समझ और उनका नेतृत्व यूट्यूब को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि सोनी के साथ मिलकर हम क्रिएटर्स के विकास को तेज कर पाएंगे, नए अवसरों को खोलेंगे, ज्यादा से ज्यादा यूज़र्स को जोड़ेंगे और भारत की डिजिटल यात्रा में अहम योगदान देंगे। गौरतलब है कि लगभग 50 करोड़ यूज़र्स के साथ भारत यूट्यूब का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है और कंपनी की भविष्य की विकास रणनीति, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में, भारत पर खास फोकस कर रही है।

क्या कहा उन्होंने ने

वहीं अपनी नियुक्ति पर गुंजन सोनी ने कहा, "यह देखना बेहद प्रेरणादायक है कि यूट्यूब कैसे क्रिएटर्स को सशक्त बनाकर पूरे भारत में समुदायों को जोड़ रहा है। मैं इस मजबूत नींव पर काम करने, नवाचार को आगे बढ़ाने और क्रिएटर्स के लिए नई कहानी कहने के अवसरों को खोलने के लिए उत्साहित हूं। साथ ही, मैं क्रिएटर्स को वैश्विक स्तर पर पहुंचने में मदद करने और यूट्यूब के साथ जुड़े सभी भागीदारों का समर्थन करने के लिए भी बेहद उत्साहित हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।