यूट्यूब ऑनलाइन गैंबलिंग वीडियोज पर बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। यूट्यूब की पेरेंट कंपनी गूगल (अल्फाबेट) ने 4 मार्च को यह ऐलान किया। कंपनी ने कहा कि वह ऑनलाइन गैंबलिंग कंटेंट से जुड़ी अपनी मौजूदा पॉलिसी को सख्त बनाने जा रही है। संशोधित पॉलिसी 19 मार्च, 2025 से लागू हो जाएगी। इसके बाद गारंटीड रिटर्न का दावा करने वाले कंटेंट यूट्यूब प्लेटफॉर्म से हटा दिए जाएंगे। कंपनी ने कहा है कि अगर पहले से गूगल का एप्रूवल मिला हुआ है तो भी गारंटीड रिटर्न का दावा करने वाले साइट या अप्लिकेशन हटा दिए जाएंगे।
यूजर्स के हितों की सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम
यूट्यूब ने कहा है कि ऐसे ऑनलाइन गैंबलिंग कंटेंट जो ऑनलाइन कैसिनो साइट्स या ऐप को दिखाते हैं या प्रमोट करते हैं, लेकिन किसी कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन नहीं करते हैं उनके इस्तेमाल के लिए उम्र की सीमा तय की जाएगी। इसका मतलब है कि जो यूजर्स प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन नहीं हैं या जिनकी उम्र 18 साल से कम है, वे ये कंटेंट नहीं देख सकेंगे। YouTube ने कहा है, "हमें पता है कि पॉलिसी में इस बदलाव का असर उन क्रिएटर्स पर पड़ सकता है, जो कैसिनो गेम्स और एप्लिकेशंस जैसे ऑनलाइन गैंबलिंग कंटेंट पर फोकस करते हैं। लेकिन, हमारा मानना है कि हमारी कम्युनिटी खासकर युवा दर्शकों के हितों की सुरक्षा की दिशा में यह जरूरी कदम है।"
ऑनलाइन गैंबलिंग ऐप यूट्यूब पर कर रहे हैं प्रचार
गूगल को पॉलिसी में बदलाव करने को इसलिए मजबूर होना पड़ा है, क्योंकि बड़ी संख्या में ऑनलाइन बेटिंग और गैंबलिंग ऐप्स यूट्यूब पर जमकर अपना प्रचार कर रहे हैं। ऐसे ऐप्स इंडिया और दूसरे देशों में न सिर्फ यूट्यूब बल्कि दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अपना विज्ञापन कर रहे हैं। ऐसे विज्ञापन से उन यूजर्स को नुकसान पहुंच सकता है, जिन्हें इनके इस्तेमाल से जुड़े रिस्क के बारे में ठीक तरह से पता नहीं है। यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बच्चों सहित हर उम्र के यूजर्स करते हैं।
नियमों का उल्लंघन करने वाले क्रिएटर्स पर सरकार सख्त
भारत में सरकार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे ऐप्स के विज्ञापन को लेकर काफी समय से सख्ती बरतती आ रही है। मिनिस्ट्री ऑफ इंफॉर्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग ने हाल के सालों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, ऑनलाइन एडवर्टाइजिंग इंटरमीडियरीज और सोशल मीडिया एनफ्लूएंसर्स को ऐसे बेटिंग और गैंबलिंग प्लेटफॉर्म्स को बढ़ावा नहीं देने के लिए कई एडवायजरी जारी की है। सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने भी मार्च 2024 में बेटिंग और गैंबलिंग गतिविधियों को बढ़ावा नहीं देने की चेतावनी दी थी।
यह भी पढ़ें: US Impose Tariff on India: ट्रंप के टैरिफ चपेट में आया भारत, अमेरिका ने दी कड़वी गोली, 2 अपैल से लगेगा रेसिप्रोकल टैरिफ
अथॉरिटी कार्रवाई की चेतावनी दे चुकी है
सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने यह भी कहा था कि कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट, 2019 का उल्लंघन करने वाले मैन्युफैक्चरर्स, एडवर्टाइजर्स, पब्लिशर्स, इंटरमीडियरीज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, एंडोर्सर्स और किसी दूसरे संबंधित स्टेकहोल्डर्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।