केंद्र सरकार भारत में लड़कियों की शादी के लिए न्यूनतम कानूनी उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 साल करने की तैयारी में है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को एक टास्क फोर्स की तरफ से की गई सिफारिश के आधार पर तैयार किया गया है, जिसने मातृत्व की उम्र, मां बनने के दौरान महिलाओं की मृत्यु दर और पोषण के स्तर से जुड़े मुद्दों की जांच की है। इस प्रस्ताव को महिला अधिकारों को मजबूती मिलने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि इस कदम से देश में एक नई बहस छिड़ गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य (AIMPLB) के सदस्य खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि यह कदम उचित नहीं है और भारतीय समाज की परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि वह भारत सरकार से अपील करेंगे कि वह अपना फैसला वापस ले। फिलहाल देश में शादी की न्यूनतम कानूनी उम्र लड़कों के लिए 21 साल और लड़कियों के लिए 18 साल है।
अगर ग्लोबल स्तर पर बात करें तो, एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में शादी के लिए लड़कों के औसत न्यूनतम कानूनी उम्र 17 साल और लड़कियों के लिए 16 साल है। हालांकि कई ऐसे देश भी है, जहां इन्हें और खासतौर से लड़कियों को काफी कम उम्र में शादी करने की इजाजत है। आइए जानते हैं दुनिया के कुछ ऐसे ही देशों और वहां शादी की न्यूनतम कानूनी उम्र के बारे में।
एस्टोनिया (Estonia) में 15 साल में शादी की इजाजत, यूरोपीय देशों में सबसे कम
यूरोपीय देशों में शादी के लिए सबसे कम उम्र एस्टोनिया में है। यहां किशोरावस्था के बच्चे अपने माता-पिता की सहमति के साथ 15 साल की उम्र में शादी कर सकते हैं। इससे पहले यूरोपीय देशों में शादी की सबसे न्यूनतम कानूनी उम्र स्पेन में थी। हालांकि स्पेन सरकार ने 2015 में शादी की न्यूनतम कानूनी उम्र को 14 साल से बढ़ाकर 16 साल कर दिया।
इंग्लैंड और वेल्स में लोग 18 साल की उम्र में या माता-पिता की सहमति से 16 या 17 की उम्र में भी शादी कर सकते हैं।
त्रिनिदाद और टोबैगो में 12 साल की उम्र में भी शादी कर सकती हैं लड़कियां
त्रिनिदाद एंड टोबैगो पर अमेरिकी विदेश विभाग की 2014 में आई एक मानवाधिकार रिपोर्ट के मुताबिक, वहां शादी के लिए आधिकारिक न्यूनतम उम्र लड़का और लड़की दोनों के लिए 18 साल है। हालांकि इसके साथ वहां मुस्लिम और हिंदुओं के लिए स्पेशल मैरिज एक्ट है। इसके मुस्लिमों में शादी की न्यूनतम उम्र लड़कों के लिए 16 साल और लड़कियों के लिए 12 साल है। वहीं हिंदुओं में शादी की न्यूनतम उम्र लड़कों के लिए 18 साल और लड़कियों के लिए 14 साल है।
अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में 12 साल न्यूनतम उम्र
अमेरिका में शादी की न्यूनतम उम्र प्रत्येक राज्य और इलाके में अलग-अलग है। अधिकतर राज्यों में शादी की न्यूनतम उम्र 18 साल है। हालांकि नेब्रास्का (Nebraska) और मिसिसिपी अपवाद हैं, जहां शादी की न्यूनतम कानूनी उम्र क्रमश: 19 साल और 21 साल है।
हालांकि अमेरिका में कई ऐसे भी राज्य है, जहां माता-पिता की सहमति के साथ काफी उम्र में शादी की इजाजत देते हैं। मैसाचुसेट्स (Massachusetts) में माता-पिता की सहमति के साथ 12 साल की उम्र में शादी हो सकती है। इसी तरह न्यू हैम्पशायर में 13 साल, हवाई और मिस्सोरी राज्य में 15 साल, अलबामा और अलास्का में 16 साल में माता-पिता की सहमित के साथ शादी की जा सकती है।
चीन में शादी के लिए न्यूनतम कानूनी उम्र लड़कों के लिए 22 साल और लड़कियों के लिए 20 साल रही है। हालांकि हाल में वहां शादी की उम्र कम करने को लेकर कुछ मांगे उठी हैं।