चीन में रिसर्चर्स की एक टीम ने एक नया चमगादड़ कोरोनावायरस खोजा है, जिसके जानवर से इंसान में फैलने का खतरा है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, HKU5-CoV-2 नाम का यह वायरस कोविड-19 का कारण बनने वाले वायरस के जैसे ही ह्यूमन रिसेप्टर का इस्तेमाल करता है। यह स्टडी शी झेंगली के नेतृत्व में की गई, जो कि एक प्रसिद्ध वायरोलॉजिस्ट हैं। उन्हें बैट कोरोनावायरस पर गहरी रिसर्च के कारण बैटवुमन के नाम से जाना जाता है। इस स्टडी में गुआंगझो एकेडमी ऑफ साइंसेज, वुहान यूनिवर्सिटी और वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी के रिसर्चर भी साथ थे।
शी को वुहान इंस्टीट्यूट में उनके काम के लिए जाना जाता है। यह वही इंस्टीट्यूट है, जो कोविड की उत्पत्ति को लेकर विवाद के केंद्र में रहा था। ऐसा कहा जाता है कि कोविड वायरस शहर में एक लैब से लीक होने के चलते फैला था। हालांकि कोरोनावायरस कैसे जन्मा, इस पर अभी भी कोई आम सहमति नहीं है, लेकिन कुछ स्टडीज से पता चलता है कि यह चमगादड़ों में पैदा हुआ और एक इंटरमीडिएट जानवर के माध्यम से इंसानों में फैल गया। शी ने इस बात से इनकार किया है कि महामारी के लिए वुहान इंस्टीट्यूट को दोषी ठहराया जा सकता है।
नया वायरस मेरबेकोवायरस सबजेनस से
नए वायरस की बात करें तो यह नई खोज HKU5 कोरोनावायरस की एक नई वंशावली है, जिसे पहली बार हांगकांग में जापानी पिपिस्ट्रेल चमगादड़ में पहचान गया था। नया वायरस मेरबेकोवायरस सबजेनस से आता है। इसमें मिडिल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (Mers) का कारण बनने वाला वायरस भी शामिल है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह वायरस मानव एंजियोटेंसिन कन्वर्टिंग एंजाइम (ACE2) से जुड़ने में सक्षम है। यह वही रिसेप्टर है, जिसका इस्तेमाल Sars-CoV-2 वायरस द्वारा किया जाता है। यही वायरस कोविड-19 का कारण बनता है। रिसर्चर्स की टीम ने जर्नल Cell में पब्लिश एक पेपर में इस नए वायरस की डिस्कवरी और आइसोलेशन के बारे में बताया है।
रिसर्चर्स ने पाया कि जब वायरस को चमगादड़ के सैंपल्स से आइसोलेट किया गया तो यह मानव कोशिकाओं यानि ह्यूमन सेल्स के साथ-साथ कृत्रिम रूप से विकसित सेल या टिश्यू के छोटे-छोटे समूहों को भी इनफेक्ट कर सकता था। ये छोटे श्वसन या इंटेस्टनल ऑर्गन्स जैसे दिखते थे।
डायरेक्ट ट्रांसमिशन या इंटरमीडिएट होस्ट, दोनों के जरिए इंसानों फैलने में सक्षम
रिसर्चर्स ने कहा, "बैट मेरबेकोवायरस ... मनुष्यों में फैलने का उच्च जोखिम पैदा करते हैं, या तो सीधे ट्रांसमिशन के जरिए या इंटरमीडिएट होस्ट्स के जरिए।" HKU5-CoV-2 न केवल इंसानों में ACE2 रिसेप्टर्स से जुड़ता है, बल्कि उन कई अन्य प्रजातियों में भी ऐसा करता है, जो इंटरमीडिएट होस्ट्स के रूप में कार्य कर सकते हैं और इस वायरस को इंसानों में पास कर सकते हैं।