पाकिस्तान में आतंकवादियों ने सेना को नई चुनौती खड़ी कर दी है। सेना को निशाना बनाना आम हो गया है। इस बीच पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत स्थित तुर्बत में बम विस्फोट के जरिए सेना पर हमला किया गया है। हमले में चार लोगों की मौत हो गई है। 32 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में पांच की हालत बेहद गंभीर है। विस्फोट के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की एक टुकड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। घायलों और मृतकों को स्थानीय अस्पतालों में पहुंचाया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह विस्फोट यात्री बस में हुआ है। इस बस में अपराध शाखा के सीनियर एसएसपी जोहैब मोहसिन और उनके परिवार के 6 सदस्य सवार थे। शायद वही लोग निशाना बनें हों। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और उनका परिवार बस में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
हमले की जानकारी देते हुए एक अधिकारी अफसरों ने बताया कि कराची से तुर्बत जा रही बस न्यू बहमन इलाके में एक आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि 4 लोगों की मौत हो गई है। 32 लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इस बस में पाकिस्तान पुलिस के एक सीनियर पुलिस अफसर और उनका परिवार भी सवार था. हालांकि, अफसर ने ये जानकारी नहीं दी है कि सीनियर अफसर जोहैब मोहसिन और उनके परिवार की हालत की कैसी है। पुलिस ने कहा है कि विस्फोट की प्रकृति की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बलूचिस्तान के सीएम ने की आचोलना
वहीं इस बम धमाके की बलूचिस्तान के सीएम सरफराज बुगती ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि जो लोग निर्दोष लोगों को निशाना बनाते हैं। वे इंसान कहलाने के लायक नहीं हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी नामक एक अलगाववादी समूह ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। लेकिन हताहतों की संख्या अधिक बताई है। इसने यह भी कहा कि आईईडी ने एक सैन्य काफिले को निशाना बनाया गया है। बता दें कि बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है। लेकिन सबसे कम आबादी इसी प्रांत में है। यह देश के जातीय बलूच अल्पसंख्यकों का केंद्र भी है, जिनके सदस्यों का कहना है कि उन्हें सरकार की ओर से भेदभाव का सामना करना पड़ता है।