इजराइल और हमास के बीच भयानक जंग जारी है। अब इसी बीच हमास के तरीकों को लेकर एक खुलासा किया गया है। खूफिया सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर CNN न्यूज 18 ने कहा है कि इंटरनेशनल आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (ISIS) और फिलिस्तीनी आतंकवादी संगठन हमास में कई सारी समानताएं हैं। उन्होंने कहा, हमास न केवल ISIS की विचारधारा को स्वीकार करता है बल्कि हत्या के उसके क्रूर तरीके को भी स्वीकार करता है। सूत्रों ने कहा कि ISIS की तरह हमास भी पश्चिमी मुल्कों को अपने दुश्मन के रूप में देखता है।
इस तरह से हत्याएं करता है ISIS और हमास
CNN न्यूज-18 की खबर के मुताबिक बच्चों और महिलाओं को अंधाधुंध तरीके से मारना हमास और इस्लामिक स्टेट दोनों का ही तरीका है। साल 2014 में ISIS ने उत्तरी इराक के सिंजर इलाके में भी यजीदियों का सफाया कर दिया था। सूत्रों ने कहा, ISIS और हमास एक ही कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा साझा करते हैं। ये दोनों ही संगठन मानव जीवन के प्रति क्रूर हैं और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समान रूप से बेहद हिंसक और बर्बर काम करते हैं। उन्होंने कहा, हाल के सालों में सीरिया, यमन, अफगानिस्तान और दूसरे देशों में ISIS पर हमलों के बाद, इसके कैडरों ने फिलिस्तीन में हमास के प्रभुत्व वाले इलाकों में शरण ली है। सूत्रों ने कहा कि इसी तरह, हमास नेताओं ने यमन और सीरिया में अलग-अलग मौकों पर ISIS से मुलाकात की है।
ISIS के आतंकी भी हैं हमास में शामिल
हमास से जुड़ी कई वेबसाइटों पर, यह बताया गया है कि सिनाई में इस्लामिक स्टेट के सदस्य भी हमास की सैन्य शाखा इज अल-दीन अल-कसम ब्रिगेड में शामिल हैं। खुफिया सूत्रों ने कहा कि यह ध्यान रखना भी अहम है कि हमास ने 2007 के बाद सलाफिया संगठनों को गाजा में काम करने की मंजूरी दी थी। उन्होंने कहा, ISIS और हमास दोनों भौगोलिक प्रभुत्व पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमास का पैमाना छोटा हो सकता है, लेकिन इसकी विचारधारा सलाफिया जिहादिया की तरह ISIS के समान है। सूत्रों ने कहा कि हमास दुनिया भर में इस्लामी शासन स्थापित करना चाहता है और इसकी शुरुआत यहूदियों पर प्रभुत्व जमाकर करना चाहता है। इसके अलावा, उन्होंने कहा, जिस तरह से हमास मोटरसाइकिल, ड्रोन आदि का उपयोग करता है, वह इराक और सीरिया में ISIS लड़ाकों की तरह से है।