Israel Hamas War: इजराइल (Israel) और हमास (Hamas) के बीच चल रही भीषण जंग के मद्देनजर अमेरिका ने एक बड़ा ऐलान किया है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने घोषणा की है कि इजराइली नागरिक अब बिना वीजा के 90 दिनों तक अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं। CNN ने अपनी एक रिपोर्ट में ये जानकारी दी है। इसे अमेरिका में इजराइली यात्रियों के लिए शुरू होने वाले वीजा छूट प्रोग्राम (VWP) की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। क्योंकि पहले ये योजना 30 नवंबर को शुरू होने वाली थी।
CNN के मुताबिक, पिछले महीने बाइडन प्रशासन ने VWP में इजराइल को शामिल करने की पुष्टि की थी। इसके तहत योग्य यात्रियों को बिना वीजा के अमेरिका में प्रवेश करने की अनुमति मिल गई। हालांकि, इस नई घोषणा में कहा गया है कि अमेरिका इसके लिए अब समय से पहले आवेदन स्वीकार कर रहा है।
इस अवसर का लाभ उठाने के लिए, पात्र यात्रियों को अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम फॉर ट्रैवल ऑथराइजेशन (ESTA) के जरिए प्राधिकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
क्वालिफाई करने के लिए, यात्रियों के पास बायोमेट्रिक इनेबल्ड पासपोर्ट होना चाहिए और अमेरिका में 90 दिनों से ज्यादा नहीं रहने की योजना होनी चाहिए।
DHS की गाइडलाइंस के अनुसार, ये ध्यान देने वाली बात है कि "नॉन-बायोमेट्रिक, अस्थायी, या आपातकालीन यात्रा दस्तावेज, या नॉन-वीजा छूट कार्यक्रम निर्दिष्ट देश से यात्रा दस्तावेज" वाले यात्री पात्र नहीं हैं और इसके बजाय उन्हें अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन करना चाहिए।
DHS ने कहा, जो लोग 90 दिन से ज्यादा अमेरिका में रहना चाहते हैं, उनके के लिए अब भी वीजा ही एक अच्छा ऑप्शन है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, एप्लिकेशन वर्तमान में केवल अंग्रेजी में उपलब्ध है, DHS इसे 1 नवंबर से पहले दूसरी भाषाओं में पेश करने की योजना बना रहा है।
इसके अलावा अमेरिका ने साफ कर दिया है कि गाजा में सहायता नागरिकों तक पहुंचनी चाहिए, न कि सिर्फ गाजा के बॉर्डर तक। अमेरिकी विभाग राज्य के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने गुरुवार को ये भी कहा कि वह "बहुत सावधानी से" निगरानी करेगा कि क्षेत्र में सहायता कैसे पहुंचाई जाती है।
एक प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए मिलर ने कहा कि इजराइली सरकार को चिंता है कि गाजा को मिलने वाली मदद को हमास की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा, क्योंकि गाजा में इजरायली सैन्य बल और संयुक्त राष्ट्र शांति सेना की कोई मौजूदगी नहीं है।
इस बीच The Times of Israel ने बताया कि इजराइली रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि एक मालवाहक विमान आज सुबह दक्षिणी इजराइल के रेमन हवाई अड्डे पर उतरा, जिसमें इजराइल रक्षा बलों के लिए सैन्य एम्बुलेंस और चिकित्सा उपकरण थे।