ब्रिटेन (Britain) की नई सरकार की तरफ से टैक्स में कटौती और खर्च को बढ़ावा देने की योजना सामने आने के बाद सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ब्रिटिश पाउंड (British pound) में भारी गिरावट देखी गई। पाउंड सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरकर 1.0349 प्रति अमेरिकी डॉलर के निचले स्तर तक चला गया, जो डॉलर के मुकाबले पिछले चार दशक का इसका सबसे निचले स्तर पर है।
हालांकि बाद में इसमें थोड़ा सुधार हुआ और यह 2.3 प्रतिशत कमजोरी के साथ 1.0671 प्रति डॉलर के भाव पर था। दरअसल टैक्स कटौती की योजना से सामने आने के बाद ऐसी चिंताएं जताई रही हैं कि इससे सार्वजनिक उधारी बढ़ जाएगी और मंदी आ सकती है, जिससे लोगों के रहन-सहन की लागत और बढ़ जाएगी।
शुक्रवार को भी ब्रिटिश पाउंड तीन प्रतिशत से अधिक टूटा था। पाउंड फिलहाल 1980 के दशक की शुरुआत में देखे गए स्तरों पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, इस दौरान डॉलर के मुकाबले अन्य करेंसी भी कमजोर हुई हैं क्योंकि अमेरिका के केंद्रीय बैंक ने हाल ही अपने यहां महंगाई से निपटने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है।
जापान की करेंसी येन में भी पिछले हफ्ते डॉलर के मुकाबले गिरावट देखी गई थी, जिसके बाद जापान के केंद्रीय बैंक ने हस्तक्षेप कर येन में गिरावट की स्पीड को धीमा किया।
इससे पहले ब्रिटेन के वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग (Kwasi Kwarteng) ने बीते शुक्रवार को टैक्स में व्यापक कटौती की योजना रखी थी। उन्होंने लंबे समय में देश की अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इनकम टैक्स और कॉरपोरेट टैक्स दोनों में कटौती की विस्तृत योजना रखा। क्वासी क्वार्टेंग ने कहा कि इस योजना से इंग्लैंड के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और रेवेन्यू में बढ़ोतरी होगी।
क्वासी क्वार्टेंग ने शुक्रवार को ब्रिटिश संसद में कहा, "हमने ग्रोथ को प्राथमिकता देने का वादा किया था। हमने एक नए युग के लिए एक नए नजरिए को अपनाने का वादा किया है।" एक रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटिश सरकार के इस टैक्स पैकेज से अगले 5 सालों में उसके खजाने पर 161 अरब पाउंड का भार बढ़ेगा।
रुपया 81.52 के सर्वकालिक निचले स्तर पर
अमेरिकी मुद्रा की मजबूती के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 43 पैसे टूटकर 81.52 के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। इस दौरान निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना से भी रुपये पर दबाव बना। फॉरेन एक्सचेंज मार्केटॉ में रुपया आज डॉलर के मुकाबले 81.47 पर खुला, फिर गिरकर 81.52 पर आ गया। इस तरह रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 43 पैसे टूटा।