China-Taiwan News: अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ( Nancy Pelosi) की ताइवान यात्रा से भड़का चीन अब आक्रामक होता जा रहा है। चीन ने नैंसी पेलोसी की ऐतिहासिक यात्रा के जवाब में जलवायु परिवर्तन और सैन्य सहित कई अहम मुद्दों पर अमेरिका के साथ बातचीत रोक दी है। समाचार एजेंसी AFP के हवाले से ये खबर सामने आई है। गुरुवार को ताइवान की घेराबंदी के लिए चीन ने युद्धभ्यास शुरू किया।
चीन ने शुक्रवार को कहा है कि वो अमेरिका के साथ रक्षा बैठकें और जलवायु वार्ता रद्द कर रहा है। साथ ही चीन ने अमेरिका के साथ नशीली दवाओं और सीमा पार अपराध की रोकथाम को लेकर होने वाली अहम बातचीत को भी स्थगित कर दिया है। चीन ने यह फैसला नेंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़क कर लिया है।
चीनी सरकार ने अमेरिका के साथ सभी प्रकार के सहयोग बंद करने की धमकी दी है। विदेश मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि वह अमेरिका के साथ सैन्य और जलवायु वार्ता सहित 8 प्रमुख मुद्दों पर होने वाली बैठकों को रद्द कर रहा है। चीनी विदेश मंत्रालय का कहना है कि पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन की सख्त असहमति का अपमान हुआ है।
- सैन्य नेताओं के साथ बातचीत रद्द।
- अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ बैठक रद्द।
- समुद्री सुरक्षा को लेकर अमेरिका के साथ होने वाला बैठक रद्द।
- अपराध से लड़ने को लेकर होने वाली बैठकें रद्द।
- अवैध अप्रवासियों के प्रत्यावर्तन पर कार्यकारी बैठक रद्द।
- दवाओं का मुकाबला करने पर सहयोग वार्ता रद्द।
चीनी सेना ने अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की ताइपे की ऐतिहासिक यात्रा के जवाब में गुरुवार को चार दिवसीय युद्धाभ्यास शुरू किया और ताइवान जलडमरूमध्य में मिसाइलें दागीं। पेलोसी ने चीन के कड़े विरोध के बावजूद ताइवान की यात्रा की थी।
अमेरिका ने कहा कि ताइवान के आसपास चीन के उकसावे वाले सैन्य अभ्यास की निंदा की। अमेरिका ने इसे गैरजिम्मेदाराना कृत्य बताया, जो ताइवान जलडमरूमध्य और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के उसके दीर्घकालिक लक्ष्य के विपरीत है।