Elon Musk : Twitter में निवेश का खुलासा करने में देरी पर फंस सकते हैं Tesla CEO, मुकदमा दर्ज

एक लॉसूट में अरबपति Elon Musk पर सोशल मीडिया कंपनी में देरी से हिस्सेदारी का खुलासा करने का आरोप लगाया है, जिससे उन्हें ज्यादा संख्या में सस्ते शेयर खरीदने का मौका मिल सके

अपडेटेड Apr 13, 2022 पर 4:45 PM
Story continues below Advertisement
न्यूयॉर्क के फेडरल कोर्ट में दायर शिकायत में एलॉन मस्क पर कम से कम 5 फीसदी हिस्सेदारी लेने का खुलासा करने में एक रेगुलेटरी डेडलाइन के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है

Elon Musk Twitter investment : एलॉन मस्क के ट्विटर में निवेश के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया है। एक लॉसूट में अरबपति बिजनेसमैन पर सोशल मीडिया कंपनी में देरी से हिस्सेदारी का खुलासा करने का आरोप लगाया है, जिससे उन्हें ज्यादा संख्या में सस्ते शेयर खरीदने का मौका मिल सके।

न्यूयॉर्क के फेडरल कोर्ट में दायर शिकायत में मस्क पर कम से कम 5 फीसदी हिस्सेदारी लेने का खुलासा करने में एक रेगुलेटरी डेडलाइन के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, इसके बजाय मस्क ने ट्विटर में तब तक अपनी पोजिशन का खुलासा नहीं किया, जब तक उन्होंने अपनी हिस्सेदारी लगभग दोगुनी बढ़ाकर 9 फीसदी से ज्यादा नहीं कर ली।

जनवरी में शुरू किया था निवेश


लॉसूट में आरोप लगाया गया कि इस स्ट्रैजजी से कम अमीर इनवेस्टर्स को नुकसान हुआ जिन्होंने मस्क के बड़ी हिस्सेदारी लेने का खुलासा करने से लगभग दो सप्ताह पहले सैन फ्रांसिस्को की कंपनी में अपने शेयर बेच दिए थे।

क्रिप्टो यूजर्स को झटका! WazirX और CoinSwitch Kuber ने UPI के जरिए पैसा जमा करने पर लगाई रोक

मस्क की रेगुलेटरी फाइलिंग से पता चलता है कि उन्होंने 31 जनवरी को 6,20,000 से कुछ ज्यादा शेयर 36.83 डॉलर प्रति शेयर की दर से खरीदे थे और उसके बाद 1 अप्रैल तक लगभग हर रोज शेयर खरीदते रहे। इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के सीईओ (Tesla CEO) के पास सोमवार तक ट्विटर के 7.31 करोड़ शेयर हैं, जो ट्विटर की 9.1 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर हैं।

14 मार्च को हो गई थी 5 फीसदी हिस्सेदारी

लॉसूट में आरोप लगाया गया कि 14 मार्च को ट्विटर में मस्क की हिस्सेदारी 5 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई थी। इसलिए, यूएस सिक्योरिटीज लॉ के तहत उनके लिए 24 मार्च तक होल्डिंग का खुलासा करना जरूरी था। हालांकि मस्क ने 4 अप्रैल तक इस बात का खुलासा नहीं किया।

इस प्रकार, 1 अप्रैल और 4 अप्रैल के बीच ट्विटर का स्टॉक 27 फीसदी की मजबूती के साथ 50 डॉलर तक पहुंच गया।

टेस्‍ला के सीईओ पर झूठे और भ्रामक बयान देने का आरोप

ट्विटर के कुछ पूर्व शेयरहोल्डर्स के साथ मस्‍क के खिलाफ केस दायर करने वाले मार्क रसेला ने आरोप लगाया कि टेस्‍ला के सीईओ ने जानबूझकर झूठे और भ्रामक बयान दिए और फेडरल लॉ के अनुसार निवेश के बारे में दी जाने वाली जरूरी जानकारी को छुपाया। रसेला का कहना है कि मस्‍क ने अपने निवेश की जानकारी को इसलिए छिपाए रखा, ताकि वे ट्विटर के ज्‍यादा शेयर सस्‍ते में खरीद सकें।

शेयरहोल्डर्स को ऐसे हुआ नुकसान

रसेला का कहना है‍ कि एलॉन मस्‍क ने भ्रामक बयान देकर और ट्विटर में अपने निवेश की तय समय में जानकारी न देकर उनसे धोखा किया है। उनके बयानों से ट्विटर के शेयरों में कृत्रिम मंदी पैदा हुई, जिससे प्रभावित होकर कुछ शेयरहोल्‍डर्स ने सस्‍ते रेट पर ट्विटर के शेयर बेच दिए। रसेला ने कहा कि उन्‍होंने ट्विटर के अपने 35 शेयर 25 से 29 मार्च के बीच 39.23 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से 1,373 डॉलर में बेच दिए थे।

इस संबंध में एलॉन मस्क की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।