दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति Elon Musk के लिए साल 2022 अच्छा नहीं रहा है। इस साल उनकी संपत्ति 100 डॉलर घट गई है। मस्क इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla और SpaceX के सीईओ हैं। पिछले महीने Twitter का अधिग्रहण करने के बाद वह इसके भी सीईओ बन गए हैं। इससे पहले Bloomberg Billionaires Index में शामिल व्यक्ति की संपत्ति में इतने कम समय में इतनी बड़ी गिरावट नहीं आई थी। मस्क की वेल्थ में गिरावट की सबसे बड़ी वजह टेस्ला के शेयरों की कीमतों में आई कमी को माना जा रहा है। इस हफ्ते सोमवार (21 नवंबर) को टेस्ला के शेयर गिरकर 2 साल के निचले स्तर पर आ गए। टेस्ला में मस्क की करीब 15 फीसदी हिस्सेदारी है। 21 नवंबर को टेस्ला के शेयरों में आई बड़ी गिरावट की वजह से सिर्फ एक दिन में मस्क की संपत्ति करीब 8.6 अरब डॉलर कम हो गई।
अब भी Elon Musk दुनिया के सबसे अमीर शख्स
मस्क की संपत्ति पिछले साल नवंबर में 340 अरब डॉलर थी, जो 22 नवंबर को घटकर करीब 170 अरब डॉलर रह गई। Musk की हिस्सेदारी स्पेसएक्स और ट्विटर में भी है। इस साल टेस्ला के शेयरों में करीब 58.03 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। हालांकि, संपत्ति में इतनी ज्यादा गिरावट के बावजूद मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। अब भी उनकी संपत्ति Bernard Arnault से करीब 13 अरब डॉलर ज्यादा है। Arnault लग्जरी गुड्स बनाने वाली कंपनी LVMH Moet Hennessy Louis Vuitton के चेयरमैन हैं। वह Bloomberg Billionaires Index में दूसरे नंबर पर हैं। मस्क की संपत्ति Amazon के फाउंडर Jeff Bezos की संपत्ति से करीब 54 अरब डॉलर ज्यादा है। Bill Gates की संपत्ति से मस्क की संपत्ति करीब 57 अरब डॉलर अधिक है। गेट्स Microsoft के को-फाउंडर हैं।
टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट
टेस्ला के शेयरों पर इस साल काफी दबाव देखने को मिला है। इसकी वजह टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में इस साल हुई बिकवाली है। अमेरिका पर मंदी का खतरा मंडराने की वजह से अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों में बड़ी बिकवाली हुई है, जिससे उनकी कीमतें काफी गिर गई हैं। दरअसल, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व इनफ्लेशन को काबू में करने के लिए इंटरेस्ट रेट बढ़ा रहा है। इसका असर इकोनॉमी की ग्रोथ पर पड़ रहा है।
Tesla के इनवेस्टर्स को सता रही चिंता
इनवेस्टर्स को चीन में Tesla के बिजनेस को लेकर भी चिंता है। चीन की सरकार ने अपने देश में जीरो कोविड पॉलिसी अपनाई है। इस वजह से चीन के कई हिस्सों में कोरोना के संक्रमण के बाद लॉकडाउन जैसी स्थिति है। इसका असर टेस्ला के बिजनेस पर पड़ा है। इनवेस्टर्स इस बात को लेकर भी फिक्रमंद हैं कि Twitter को खरीदने के बाद मस्क टेस्ला को पूरी समय दे पाएंगे या नहीं। मस्क ने पिछले महीने ट्विटर का अधिग्रहण 44 अरब डॉलर में किया था।