Google ने 12,000 एम्प्लॉइज की छंटनी का किया ऐलान, जानिए कहां-कहां होगा असर

Google layoffs : टेक्नोलॉजी सेक्टर में भारी छंटनी के बीच अब गूगल की पेरेंट कंपनी Alphabet ने भी इससे जुड़ा ऐलान कर दिया है। कंपनी ने कहा कि वह 12,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है, जो उसकी दुनिया भर में मौजूद वर्कफोर्स की लगभग 6 फीसदी हैं

अपडेटेड Jan 20, 2023 पर 4:56 PM
Google's Alphabet Layoffs 2023 : सीईओ सुंदर पिचई (Sundar Pichai) ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा कि वह छंटनी से से जुड़े फैसलों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं

Google Layoffs : टेक्नोलॉजी सेक्टर में भारी छंटनी के बीच अब गूगल ने भी इससे जुड़ा ऐलान कर दिया है। गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet) ने शुक्रवार, 20 जनवरी को कहा कि वह 12,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है, जो उसकी दुनिया भर में मौजूद वर्कफोर्स की लगभग 6 फीसदी हैं। ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। सीईओ सुंदर पिचई (Sundar Pichai) ने आज कर्मचारियों को भेजे ईमेल में यह जानकारी देते हुए कहा कि वह “इससे जुड़े फैसलों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं।”

इन टीमों पर होगा असर

पिचई ने कहा, “ये हमारा फोकस बढ़ाने, कॉस्ट बेस में बदलाव करने और हमारे टैलेंट और पूंजी को हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में लगाने के लिए बेहद अहम क्षण हैं।” जॉब कट से रिक्रूटिंग और कॉर्पोरेट के साथ-साथ इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट्स टीम भी प्रभावित होंगी। गूगल ने कहा कि यह छंटनी वैश्विक स्तर पर है और अमेरिका के स्टाफ पर इसका तत्काल असर होगा।


Layoff News: इस साल भी जारी है छंटनी का कोहराम, 15 दिनों में इन कंपनियों के एंप्लॉयीज पर चली तलवार

कर्मचारियों को मिलेगा यह सेवरेंस पैकेज

सुंदर पिचई ने कहा कि टेक कंपनी “कर्मचारियों को उनके अवसरों की खोज में पूरी समर्थन देगी।” उन्होंने कहा कि कंपनी अमेरिका में अपने कर्मचारियों को पूरे नोटिफिकेशन पीरियड (न्यूनतम 60 दिन) का भुगतान करेगी।

इसके अलावा Google 16 हफ्ते की सैलरी के साथ ही गूगल में हर अतिरिक्त साल पर दो हफ्ते का पैसा और कम से कम 16 हफ्तों का जीएसवी (गूगल स्टॉक यूनिट) सहित एक अच्छे सेवरेंस पैकेज की पेशकश करेगी। इसके अलावा, 2022 का बोनस और वैकेशन के साथ ही छह महीने के लिए हेल्थकेयर, जॉब प्लेसमेंट सर्विसेज और इमिग्रेशन सपोर्ट दिया जाएगा।

Layoff News: Microsoft में 10,000 एंप्लॉयीज की छंटनी, ग्राहकों की इन बदलती जरूरतों को बताया जिम्मेदार

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के बाहर कंपनी स्थानीय नियमों के तहत कर्मचारियों को पूरा सपोर्ट उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही, कंपनी इलिजिबल कर्मचारियों को 80 फीसदी एडवांस बोनस देगी और बाकी आगे के महीने में दिया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।