Imran Khan Arrest: पाकिस्तान में हालात बेकाबू! इमरान समर्थकों ने पीएम शहबाज शरीफ के घर पर फेंके पेट्रोल बम, हिंसाग्रस्त इलाकों में सेना तैनात

Imran Khan Arrest: पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी के 500 से अधिक उपद्रवी बुधवार तड़के प्रधानमंत्री के मॉडल टाउन लाहौर स्थित आवास पर पहुंचे और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को को बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के घर में पेट्रोल बम भी फेंके

अपडेटेड May 11, 2023 पर 10:27 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Imran Khan Arrest: इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा की चपेट में आए इलाकों में बुधवार को सेना को तैनात कर दिया गया

Imran Khan Arrest LIVE Updates: भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किए गए पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के समर्थकों ने बुधवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के लाहौर स्थित आवास पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी के 500 से अधिक उपद्रवी बुधवार तड़के प्रधानमंत्री के मॉडल टाउन लाहौर स्थित आवास पर पहुंचे और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को को बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के घर में पेट्रोल बम भी फेंके। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि जिस समय उपद्रवियों ने हमला किया उस वक्त प्रधानमंत्री के आवास पर केवल चौकीदार मौजूद थे। उन्होंने वहां एक पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही पुलिस का एक दल वहां पहुंचा, पीटीआई प्रदर्शनकारी वहां से चले गए। प्रधानमंत्री आवास पहुंचने से पहले खान के समर्थकों की भीड़ ने मॉडल टाउन में सत्तारूढ़ पीएमएल-एन सचिवालय पर हमला किया, वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। उन्होंने वहां के डिवाइडर को भी आग के हवाले कर दिया।

कई इलाकों में सेना तैनात


इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा की चपेट में आए इलाकों में बुधवार को सेना को तैनात कर दिया गया। पाकिस्तान में भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की नाटकीय गिरफ्तारी के बाद कई शहरों में हिंसक विरोध प्रदर्शनों और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमलों के बाद देश के सबसे अधिक आबादी वाले पंजाब प्रांत में कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर पाकिस्तानी सेना की टुकड़ियों को तैनात कर दिया गया है। पाकिस्तान की संघीय सरकार की ओर से जारी की गयी एक अधिसूचना के अनुसार पंजाब सरकार के अनुरोध पर गृह मंत्रालय द्वारा यह निर्णय लिया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक पंजाब प्रांत में तैनात किए गए सैनिकों की सही संख्या, तैनाती की तारीख और उसका क्षेत्र प्रांतीय सरकार द्वारा एडवाइजरी के आधार पर तय किया जाएगा। पंजाब के अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खैबर-पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में भी सेना की तैनाती की गई है। वहीं, राजधानी इस्लामाबाद में भी सेना को उतार दिया गया है। पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शनों के बीच एक विशेष अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री खान को बुधवार को आठ दिन के लिए भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी की रिमांड में भेज दिया, जबकि एक सत्र अदालत ने भ्रष्टाचार के एक अलग मामले में उन्हें आरोपित किया।

पीएम ने दी चेतावनी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थकों द्वारा किए गए हिंसक विरोध प्रदर्शनों की बुधवार को निंदा की और प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी। देश में पिछले दो दिनों से हो रहे प्रदर्शन के दौरान हुई घातक हिंसा के बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम एक संक्षिप्त संबोधन दिया। उक्त हिंसा में सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए और देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति पर हमला आतंकवाद और देश के प्रति शत्रुता का कार्य है। उन्होंने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

ये भी पढ़ें- 'ऐसा तो पाकिस्तान के दुश्मनों ने भी नहीं किया' सेना ने इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद मचे बवाल को बताया 'काला अध्याय'

उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी सजा दी जाएगी जो मिसाल बने। वहीं, संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश में चल रहे विरोध प्रदर्शन पर बुधवार को अधिकारियों से उचित प्रक्रिया का सम्मान करने और सभी पक्षों से हिंसा से परहेज करने का आह्वान किया। महासचिव के उप-प्रवक्ता फरहान हक ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि गुतारेस ने पाकिस्तान के अधिकारियों से देश के पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कार्यवाही में कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करने का आग्रह किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।