Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में आए तेज भूकंप में 46 लोगों की मौत और 700 घायल, घरों से बाहर निकले लोग, देखें वीडियो

Indonesia Earthquake: एक सरकारी अधिकारी हरमन सुहरमन (Herman Suherman) ने समाचार चैनल MetroTV को बताया कि एक अस्पताल में भर्ती 46 लोगों की मौत हुई है। जबकि 700 से अधिक लोग घायल हैं

अपडेटेड Nov 21, 2022 पर 3:36 PM
Indonesia Earthquake: भूकंप का केंद्र पश्चिम जावा के शहर सियानजुर (Cianjur) में स्थित था

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत (Indonesia West Java province) में सोमवार को आए 5.6 तीव्रता (5.6-magnitude quake) के तेज भूकंप में दर्जनों लोगों की मौत हो गई। वहीं, सैकड़ों लोग घायल हो गए हैं। खबरों के मुताबिक, कई सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके बाद खबर आई की इस विनाशकारी भूकंप के झटके में 46 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हो गए हैं।

भूकंप का केंद्र पश्चिम जावा के शहर सियानजुर (Cianjur) में स्थित था। सियांजुर के एक सरकारी अधिकारी हरमन सुहरमन (Herman Suherman) ने समाचार चैनल MetroTV को बताया कि भूकंप के बाद क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती 46 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 700 से अधिक लोग घायल हैं।

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किए गए वीडियो में भूकंप के दौरान इमारतों को हिलते हुए देखा जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने सियानजुर में भूस्खलन में फंसे दो लोगों को बचा लिया है, लेकिन तीसरे व्यक्ति की मौत हो गई।


इंडोनेशिया के मौसम एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार, भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर अंदर तक रही। भूकंप के कारण शहर की इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर सड़कों पर निकल आए। इस दौरान लोगों ने कई सेकंड तक सड़कों पर कंपन महसूस किए।

ये भी पढ़ें- G-20 सम्मेलन में भारत की भूमिका से अमेरिका हुआ गदगद, पीएम मोदी की दिल खोलकर की तारीफ

सियानजुर के पुलिस प्रमुख डोनी हेर्मवान ने ब्रॉडकास्टर मेट्रो TV को बताया, "हम एक महिला और एक बच्चे को जिंदा निकालने में कामयाब रहे, लेकिन दूसरे की मौत हो गई। अभी के लिए मैं केवल यही साझा कर सकता हूं।"

इंडोनेशिया के स्थानीय मीडिया ने सियानजुर में कई इमारतों को हिलते हुए दिखाया। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान एजेंसी के प्रमुख ने न्यूज एजेंसी AFP से कहा, "हम लोगों से फिलहाल इमारतों के बाहर रहने की अपील कर रहे हैं, क्योंकि भूकंप के अभी और झटके आ सकते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।