आईफोन (iPhone) बनाने वाली दिग्गज कंपनी एप्पल (Apple) के शेयरों की भारी गिरावट के चलते इसकी मार्केट वैल्यू 2 ट्रिलियन (2 लाख करोड़) डॉलर से नीचे फिसल गयी। मंगलवार को इसके शेयर 3.7 फीसदी टूटकर जून 2021 के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गए। इसके शेयरों में गिरावट की वजह आईफोन सप्लाई से जुड़ी चिंता और ऊंची ब्याज दरों के चलते निवेशकों के भरोसे में कमी है। शेयरों में गिरावट के चलते इसकी मार्केट वैल्यू 1.99 लाख करोड़ डॉलर रह गई। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट और सऊदी की दिग्गज तेल कंपनी Saudi Aramco का भी मार्केट कैप पिछले साल 2022 में 2 लाख करोड़ डॉलर के नीचे फिसल गया था।
Apple के iPhone की सप्लाई को लेकर क्या है चिंता
चीन में कोरोना के फिर से कोरोना के उभार के चलते लॉकडाउन लगाया गया। हालांकि अब इसमें ढील दी जा रही है। एप्पल की सहयोगी कंपनी फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप दुनिया का सबसे बड़ा आईफोन प्लांट चलाती है और इसमें 90 फीसदी क्षमता से काम शुरू हो चुका है। हालांकि नवंबर में इसके झेंगझू स्थित प्लांट में हजारों वर्कर्स कोविड से जुड़ी सख्ती को लेकर विरोध कर रहे थे या उन्होंने कंपनी ही छोड़ दी। इन्हें रोके रखने के लिए कंपनी ने अधिक इंसेंटिंव देने का ऐलान किया था।
वहीं एप्पल के एक और सप्लॉयर मुराता मैन्यूफैक्चरिंग ने अनुमान लगाया है कि आने वाले महीनों में आईफोन 14 का प्रोडक्शन कम हो सकता है। एप्पल का करीब आधा रेवेन्यू आईफोन से ही आता है। सोमवार को निक्केई ने जानकारी दी थी कि एप्पल ने कुछ सप्लायर्स को एयरपॉड्स, एप्पल वॉच और मैकबुक समेत कुछ प्रोडक्ट्स के लिए कम कंपोनेंट सप्लाई करने को कहा है। एप्पल के लिए दिसंबर तिमाही सबसे शानदार होती है और आने वाले हफ्तों में अक्टूबर-दिसंबर 2022 के नतीजे आने वाले हैं। हालांकि इस बार एनालिस्ट्स का मानना है कि इसका रेवेन्यू गिरकर 1.23 हजार करोड़ डॉलर रह सकता है।
एक साल पहले 3 लाख करोड़ डॉलर से अधिक थी वैल्यू
पिछले साल एसएंडपी 500 ने रिकॉर्ड हाई टच किया था और उस समय एप्पल के शेयरों की तेजी से इसकी मार्केट वैल्यू 3 लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गई। हालांकि फिर चीन में कोरोना के उभार ने आईफोन के प्रोडक्शन से जुड़ी चिंता बढ़ा दी और इस वजह से शेयरों में बिकवाली का दबाव बढ़ा। दिसंबर 2022 एप्पल के लिए मई 2019 के बाद से सबसे बुरा महीना रहा। पिछले महीने दिसंबर में यह 12 फीसदी टूटा जबकि नास्डाक 100 इंडेक्स 9 फीसदी फिसला था।