Iran vs Israel News: मिडिल ईस्ट में सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीयों को सलाह दी है कि अगले नोटिस तक वे ईरान या इजराइल की यात्रा करने से बचें। वहीं जो भारतीय अभी ईरान या इजराइल में रह रहे हैं, उन्हें भारतीय दूतावासों से संपर्क कर अपना रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है। इस मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन (Joe Biden) ने शुक्रवार को कहा कि ईरान जल्द ही इजराइल पर हमला कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को इजराइल पर हमला नहीं करने की चेतावनी दी है क्योंकि इजराइल की सुरक्षा के लिए अमेरिका प्रतिबद्ध है।
Iran vs Israel: ईरान और इजराइल के बीच क्यों है तनाव
पिछले हफ्ते सीरिया की राजधानी दमिश्क में ईरान के दूतावास पर एक हमला हुआ था। इसमें ईरान के दो जनरल समेत उसके सात शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए थे। दावा किया जा रहा है कि ये हमले इजराइल ने कराए थे और ईरान ने इन हमलों का बदला लेने की कसम खाई है। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि इजराइल पर हमला करने की गलती ईरान न करें क्योंकि फिर इस लड़ाई में अमेरिका भी आगे आएगा
नागरिकों को ईरान और इजराइल जाने से अब रोक रही सरकारें
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन से पहले वाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा था कि इजराइल पर ईरान का हमला वाकई में एक बड़ा खतरा है लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा था कि ऐसा कब तक हो सकता है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा कि ईरान जल्द ही इजराइल पर हमला कर सकते है लेकिन जो बिडेन ने ईरान को ऐसा नहीं करने को कहा है। भारत ने अपने नागरिकों को इन दोनों की यात्रा नहीं करने को कहा है। इसके अलावा फ्रांस, पोलैंड और रुस ने भी अपने नागरिकों को आगाह कर दिया है।
जर्मनी ने तो अपने नागरिकों को गिरफ्तार किए जाने और पूछताछ का रिस्क बताया है। जर्मन नागरिकों को लंबे समय की जेल हो सकती है। सबसे अधिक रिस्क तो उन्हें है, जिनके पास ईरान और जर्मनी, दोनों देशों की नागरिकता है। जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा ने शुक्रवार को कहा कि अब उसके जहाज ईरान की हवाई सीमा में घुस ही नहीं रहे हैं।
भारत की बात करें तो सभी नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान या इजराइल नहीं जाने को कहा गया है और जो वहां रह रहे हैं, उन्हें तत्काल भारतीय दूतावासों में रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है। ईरान में करीब 4 हजार और इजराइल में 18500 भारतीय रहते हैं। अब कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम करने के लिए यहां से वर्कर्स इजराइल फिलहाल नहीं जा पाएंगे। इस महीने की शुरुआत में 64 भारतीय गए थे और अप्रैल-मई में 6 हजार से अधिक कंस्ट्रक्शन वर्कर्स को अभी जाना था।