ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को ले जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, मौके पर रेस्क्यू टीम रवाना

Ebrahim Raisi: मीडिया आउटलेट EHA News ने कहा कि पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर अयातुल्ला अल-हाशेम और ईरानी विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन भी हेलीकॉप्टर में मौजूद थे। समाचार एजेंसी AFP ने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के काफिले में शामिल एक हेलीकॉप्टर "दुर्घटना" का शिकार हो गया

अपडेटेड May 19, 2024 पर 7:31 PM
फिलहाल, सभी सुरक्षित हैं और मौके पर रेस्क्यू टीम रवाना हो गई है

ईरान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को ले जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को ले जा रहे हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी स्थिति में उतारा गया। ईरानी मिडिया IRNA के अनुसार, हादसा अजरबैजान के साथ सीमा साझा करने वाले ईरानी शहर जोल्फा में हुआ। बताया जा रहा है कि रईसी अजरबैजान से ईरान लौट रहे थे। फिलहाल, सभी सुरक्षित हैं और मौके पर रेस्क्यू टीम रवाना हो गई है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने यह भी कहा कि ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (Iranian President Ebrahim Raisi) को ले जा रहे एक हेलीकॉप्टर को खराब लैंडिंग का सामना करना पड़ा। एजेंसी के मुताबिक, बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। फिलहाल ईरानी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ईरानी न्यूज एजेंसी IRNA के मुताबिक राष्ट्रपति रईसी के काफिले से लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। रईसी समेत सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, हेलिकॉप्टर की लैंडिंग में गड़बड़ी किस वजह से आई इसकी डिटेल्स जानकारी अभी सामने नहीं आई है।


ईरानी राज्य संचालित मीडिया आउटलेट्स ने कहा कि रईसी ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में यात्रा कर रहे थे। यह घटना ईरानी राजधानी तेहरान के उत्तर-पश्चिम में लगभग 600 किलोमीटर (375 मील) दूर अजरबैजान राष्ट्र की सीमा पर एक शहर जोल्फा के पास हुई।

मीडिया आउटलेट EHA News ने कहा कि पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर अयातुल्ला अल-हाशेम और ईरानी विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन भी हेलीकॉप्टर में मौजूद थे। समाचार एजेंसी AFP ने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के काफिले में शामिल एक हेलीकॉप्टर "दुर्घटना" का शिकार हो गया।

ये भी पढ़ें- 'वोट बैंक के लिए धार्मिक संगठनों को धमका रही TMC', पीएम मोदी ने की RKM के खिलाफ सीएम ममता की टिप्पणी की निंदा

भारी बारिश और खराब मौसम के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में बचावकर्मियों के प्रयास में बाधा आ रही है। कुछ इलाकों में हवा के साथ भारी बारिश की सूचना मिली थी। रईसी रविवार सुबह अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ एक बांध का उद्घाटन करने के लिए पड़ोसी अजरबैजान में थे। यह तीसरा बांध है जिसे दोनों देशों ने अरास नदी पर बनाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।