Israel-Iran crisis: ईरान ने इजरायली अधिकारियों और नेताओं की जारी की हिट लिस्ट, पीएम नेतन्याहू को दी मारने की धमकी

Iran Missile Attack on Israel: ईरान ने मंगलवार (1 अक्टूबर) देर रात को इजरायल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ईरान ने इसे हाल ही में आतंकी संगठन हिजबुल्लाह और हमास के प्रमुख नेताओं की हत्याओं का बदला बताया है। ईरानी हमले के दौरान पूरे इजरायल में सायरन की आवाजें सुनी गईं

अपडेटेड Oct 02, 2024 पर 5:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Iran strike on Israel: इजरायल अब अमेरिका के समर्थन से ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है

Iran Missile Attack Against Israel: ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागने के बाद अब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई नेताओं और सेना के अधिकारियों को मारने की धमकी दी है। ईरान ने एक मोस्ट वांटेड की लिस्ट जारी की है। ईरानी खुफिया मंत्रालय ने हिब्रू में यह धमकी जारी की है जिसके अनुसार वह जल्द ही इजरायल में सुरक्षा प्रतिष्ठान के प्रमुखों और प्रधानमंत्री को खत्म कर देगा। नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) के अलावा ईरान ने इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट और सेना प्रमुख हर्जी हलेवी समेत 11 लोगों की लिस्ट जारी की है।

ईरान की ओर से यह ताजा धमकी इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार के बाद आई है। मंगलवार (1 अक्टूबर) देर रात ईरान ने इजरायल पर कम से कम 200 मिसाइलें दागीं। ईरान ने दावा किया कि यह हिजबुल्लाह के खिलाफ हाल ही में इजरायल द्वारा किए गए हमलों का बदला है। यह हमला तब हुआ जब गाजा संघर्ष शुरू होने के बाद से हिजबुल्लाह इजरायल पर रॉकेट दाग रहा था। जैसे ही पूरे इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे, लोग बंकरों में भागे।

इजरायली सेना ने बताया कि उसने ईरानी मिसाइलों में से कई को रोक दिया। हालांकि, कुछ मध्य और दक्षिणी इजरायल में गिरने में कामयाब रहीं। छर्रे लगने से दो लोगों को मामूली चोटें आईं। हमले के जवाब में, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ने "बड़ी गलती कर दी है।" उन्होंने कसम खाई कि तेहरान को "इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।"


संयुक्त राज्य अमेरिका ने भी ईरान को "गंभीर परिणामों" की चेतावनी दी है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इजरायल अब ईरान पर बड़ा पलटवार करेगा। इस बीच, केंद्र ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को राजधानी तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी है।

पीएम मोदी ने नेतन्याहू से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर बात की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के लिए हमारी दुनिया में कोई जगह नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव को रोकना और सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।

पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम के बारे में प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बात की। आतंकवाद के लिए हमारी दुनिया में कोई जगह नहीं है। क्षेत्रीय तनाव को रोकना और सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।"

ये भी पढ़ें- Iran Attacks Israel: केंद्र ने भारतीयों को दी ईरान जाने से बचने की सलाह, इजरायल पर हमले के बाद कई फ्लाइट्स रद्द

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। PM मोदी ने किसी विशेष घटना का जिक्र नहीं किया, लेकिन पिछले सप्ताह लेबनान में किए गए इजरायली हमलों में आतंकवादी समूह हिज्बुल्लाह के सात उच्च पदस्थ कमांडर और अधिकारी मारे गए, जिनमें समूह का प्रमुख हसन नसरल्लाह भी शामिल था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।