एक भारतीय मूल के एंटरप्रेन्योर, जो नॉर्वेजियन नागरिक है, कथित तौर पर पेजर विस्फोटों से जुड़ा हुआ है। इन धमाकों में लेबनान में कम से कम 12 लोग मारे गए और हजारों घायल हो गए। केरल में जन्मे रिनसन जोस वायनाड के रहने वाले हैं और उनके पास नॉर्वे का पासपोर्ट है, वह अपनी पत्नी के साथ नॉर्वे के ओस्लो में बस गए हैं। जोस कथित तौर पर बुल्गारिया में रजिस्टर्ड कंपनी नॉर्टा ग्लोबल के मालिक हैं और माना जाता है कि उन्होंने लेबनान को पेजर सप्लाई किए थे।
जबकि पेजर्स का निर्माण हंगेरियन फर्म, बीएसी कंसल्टिंग की ओर से ताइवानी फर्म गोल्ड अपोलो के ट्रेडमार्क के तहत किया गया था, उन्हें कथित तौर पर नॉर्टा ग्लोबल के जरिए हासिल किया गया था।
क्या धमाकों के पीछे जोस का हाथ?
यूके के Daily Mail के अनुसार, इस बात का कोई संकेत नहीं है कि जोस को पेजर्स को हाई एक्सप्लोसिव से लैस करने की किसी गुप्त साजिश के बारे में पता था या आखिरी खरीदार इजरायल की सुरक्षा सेवाओं के साथ सहयोग कर रहा था।
अखबार ने कहा कि शेल कंपनी, नॉर्टा ग्लोबल लिमिटेड, बुडापेस्ट में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में रजिस्टर्ड थी, जिसमें लगभग 200 और कंपनियां थीं।
लेबनान विस्फोटों से जोस के संबंधों की खबरें सामने आने के बाद उसके रिश्तेदारों ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उस पर भरोसा है और वह लेबनान पेजर विस्फोटों में शामिल नहीं होगा।
IANS ने जोस के एक रिश्तेदार थैंकाचेन के हवाले से कहा, “हम रोजाना फोन पर बात करते हैं। हालांकि, पिछले तीन दिनों से हमारा जोस से कोई संपर्क नहीं हुआ है। वह एक सीधे-सादे व्यक्ति हैं और हम उन पर पूरा भरोसा करते हैं। वह किसी भी गलत काम का हिस्सा नहीं बनेंगे। हो सकता है कि वह इन विस्फोटों में फंस गया हो।''
थैंकाचेन ने कहा कि उनकी जोस की पत्नी से भी कई दिनों से कोई बातचीत नहीं हुई है। कुछ साल पहले जोस हायर स्टडी के लिए नॉर्वे गए थे।
ओस्लो लौटने से पहले उन्होंने कुछ समय के लिए लंदन में काम किया। अपनी खुद की फर्म होने के अलावा, जोस ओस्लो में भी काम करता है और उसका एक जुड़वां भाई लंदन में रहता है।
इस बीच, वायनाड में जोस के एक पड़ोसी ने भी कहा कि वह जोस को लंबे समय से जानते हैं और वह बहुत अच्छे इंसान हैं।
शुक्रवार को, ताइवान और बुल्गारिया के अधिकारियों ने उन हजारों पेजर्स की सप्लाई चेन में शामिल होने से इनकार कर दिया, जो मंगलवार को लेबनान में फटे थे।
मंगलवार और बुधवार को हुए हमलों में लेबनान में 37 लोगों की जान जान चली गई और लगभग 3,000 घायल हो गए। दूसरे धमाकों में हिजबुल्लाह के वॉकी-टॉकी फटे थे।
पेजर्स को कैसे और कब हथियार से लैस किया गया और दूर से विस्फोट किया गया ये अब भी रहस्य बना हुआ है और जवाब की तलाश में ताइवान, बुल्गारिया, नॉर्वे और रोमानिया शामिल हैं।
इन विस्फोटों के लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जिसने दोनों पक्षों के बीच बढ़ते संघर्ष को बढ़ा दिया था। इजरायल ने हमलों पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।