Elizabeth Truss ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं। वह कंजरवेटिव पार्टी की भी नेता बनेंगी। नए प्रधानमंत्री के नाम का ऐलान 5 सितंबर को हो जाएगा। अपने प्रतिद्वंद्वी ऋषि सुनक की तरह वह परंपरावादी टोरी (Conventional Tory) है। कॉलेज में लिबरल डेमोक्रेटिक मेंबर के रूप में उन्होंने 1994 में पार्टी के सम्मेलन को संबोधित किया था। इसमें उन्होंने राजतंत्र को खत्म करने पर जोर दिया था।
उन्होंने कहा था, "मैं इस बात में भरोसा नहीं करती कि लोगों का जन्म शासन करने के लिए होता है।" उनके माता-पिता का झुकाव लेफ्टिस्ट विचारधारा की तरफ था। ट्रस पर इसका असर पड़ा। दुनिया को परमाणु हथियारों से मुक्त (Nuclear Disarmament) करने के अभियानों में वह अपनी मां के साथ हिस्सा लेती थीं। Campaign for Nuclear Disarmament से जुड़े लोग मारग्रेट थैचर के लंदन में अमेरिका परमाणु हथियारों की तैनाती की इजाजत देने के पैसले के खिलाफ थे।
लेकिन, 47 वर्षीय ट्रस कंजरवेटिव पार्टी की नेता बनने की दौड़ में मारग्रेट थैचर की नकल करने की कोशिश करती नजर आईं। थैचर का नाम टोरी पार्टी की सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल है। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि वह अपने रोल-मॉडल थैचर की तरह सरकार के कामकाज में बड़ा बदलाव लाएंगी। थैचर को 'आयरन लेडी' कहा जाता था।
कंजरवेटिव पार्टी में ब्रेग्जिट डिबेट के दौरान उन्होंने ब्रिटेन का ईयू का हिस्से बने रहने का समर्थन किया था। उनका मानना था कि ब्रेग्जिट की वजह से ब्रिटेन के लिए कई तरह की मुश्किलें पैदा होंगी। लेकिन, जनमत के बाद ब्रिटेन के ईयू से अलग होने के फैसले के बाद उन्होंने कहा कि यह कामकाज के तरीके में बड़ा बदलाव लाने का व्यापक मौका है।
कंजरवेटिव पार्टी के एक सदस्य ने कहा कि यह तय करना मुश्किल हैं कि ट्रस की सोच क्या है। वह मसलों के बारे में ठोस राय व्यक्त करने की जगह मौके के हिसाब से अपनी सोच बदलती रहती हैं। उनके साथ काम कर चुके दूसरे नेताओं का भी यही मानना है। ट्रस ब्रिटेन की विदेश मंत्री रह चुकी हैं।
ट्रस का जन्म 1975 में ऑक्सफोर्ड में हुआ था। माता-पिता ने उनका नाम मेरी एलिजाबेथ ट्रस रखा। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। लेकिन, उन्हें अपने नाम का पहला शब्द पसंद नहीं आया। वह खुद को एलिजाबेथ नाम से संबोधित किया जाना पसंद करती हैं। उनके पिता जॉन केनेथ ट्रस यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स में मैथ्स के प्रोफेसर थे। उनकी माता प्रिसिला मेरी एक टीचर और नर्स थीं।
ऑक्सफोर्ड में पढ़ाई के दौरान ट्रस का रुझान कंजरवेटिव पार्टी की तरफ बढ़ा। वह 1996 में इस पार्टी की सदस्य बन गईं। तब जॉन मेजर पार्टी के नेता था और पार्टी में गुटबाजी चरम पर थी। पार्टी के एक कार्यक्रम में ट्रस की मुलाकात ह्यूज ओलियरी से हुई। फिर दोनों ने 2000 में शादी कर ली। ओलियरी एक अकाउंटेंट है।