पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) के बारे में एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिससे वह मुश्किल में पड़ सकते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के डॉक्टर नजीबुल्लाह सूमरो (Najeebullah Soomro) ने खुलासा किया है कि टी-20 विश्वकप 2021 के दौरान रिजवान को प्रतिबंधित दवाई दी गई थी।
बता दें कि रिजवान को दुबई में खेले गए टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल से पहले सीने में इफेक्शन हुआ था और उन्हें ICU में भर्ती होना पड़ा। हालांकि, सेमीफाइनल में वह अचानक ठीक हो गए और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार अर्धशतक भी लगाया।
डॉक्टर ने एक इंटरव्यू में किया खुलासा
डॉक्टर ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया है कि मोहम्मद रिजवान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ICC टी-20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल से पहले प्रतिबंधित इंजेक्शन लगाया गया था। हालांकि, डॉक्टर ने दावा किया कि ICC से इस बारे में पहले ही इजाजत ली जा चुकी थी।
सूमरो ने कहा कि सेमीफाइनल से पहले वह सांस तक नहीं ले पा रहे थे, इसलिए मैंने इंजेक्शन के लिए ICC से इजाजत मांगी। उन्होंने कहा कि हालांकि ये इंजेक्शन एथलीट्स को देना मना है, लेकिन हमारे पास कोई दूसरा चारा नहीं था। रिजवान ने उस सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 67 रन बनाए थे, जिसमें उनकी टीम 5 विकेट से हार गई थी।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में रिजवान के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। क्रिकेटर पिछले कुछ समय सालों से जबरदस्त फॉर्म में थे। इस बीच, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज आकिब जावेद (Aqib Javed) ने बल्लेबाज की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि वह भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) से बेहतर है।
एक इंटरव्यू के दौरान जावेद ने कहा कि रिजवान इन दिनों पंत से बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि पंत बेहद कुशल खिलाड़ी हैं, लेकिन रिजवान जिस तरह से जिम्मेदारी लेते हैं, उससे पंत काफी पीछे हैं। बता दें कि रिषभ पंत और मोहम्मद रिजवान के बीच अक्सर तुलना की जाती है।