Cyclone Asani: आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा चक्रवात 'असानी', इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Cyclone Asani के उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने और ओडिशा के तट से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है

अपडेटेड May 09, 2022 पर 2:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है

Cyclone Asani Updates: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'असानी' तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त पीके जेना के मुताबिक, 'असानी' वर्तमान में दक्षिण पूर्व अंडमान में है, जो उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 10 मई तक उसी दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है। बाद में यह विशेष रूप से ओडिशा के पास से गुजरते हुए आगे बढ़ेगा, जो 11 मई शाम तक पुरी के दक्षिण में पहुंचेगा।

मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि चक्रवाती तूफान ओडिशा या आंध्र प्रदेश में दस्तक नहीं देगा, लेकिन तट के पास से ही आगे बढ़ेगा। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि तूफान अब उत्तर-पश्चिम दिशा में तट की ओर बढ़ रहा है। यह 10 मई की शाम तक उस दिशा में आगे बढ़ना जारी रखेगा।


ये भी पढ़ें- IndiGo ने दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट में नहीं होने दिया सवार! एयरलाइन पर भड़के ज्योतिरादित्य सिंधिया, DGCA ने शुरू की जांच

महापात्र ने कहा कि ओडिशा तट के पास समुद्र की स्थिति 9 मई और 10 मई को खराब रहेगी। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, समुद्र में हवा की गति 10 मई को बढ़कर 80-90 किमी प्रति घंटे हो जाएगी।

तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने तीन राज्यों में तेज हवाएं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात की वजह से उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर मंगलवार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की आशंका है।

IMD ने कहा कि ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में हवा की गति लगभग 40-50 किमी प्रति घंटे होगी, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। हवा की यह स्थिति 11 मई तक बनी रहेगी और उसके बाद कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से ओडिशा के तटीय जिलों-गंजम, गजपति, खुर्दा, जगतसिंहपुर और पुरी में 10 मई की शाम के बाद हल्की से मध्यम बारिश होगी।

IMD के विशेष बुलेटिन के अनुसार, 10 मई की शाम को तटीय ओडिशा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गजपति, गंजम और पुरी में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (7-11 सेमी) होने की संभावना है। इसके बाद अगले दिन गंजम, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर और कटक में एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

मछुआरों को सलाह

मछुआरों को 10 और 11 मई को गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 10 मई से अगली सूचना तक समुद्र में और पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के तटों पर नहीं जाएं। पश्चिम बंगाल में आपदा प्रबंधन टीमों, पुलिस और कोलकाता म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के कर्मचारियों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। महत्वपूर्ण स्थानों पर नावों को तैनात किया गया है।

बता दें कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव की वजह से ये नया चक्रवाती तूफान पैदा हो गया है। इस चक्रवात तूफान का नाम असानी है। असानी का श्रीलंकाई भाषा सिंहली में मतलब क्रोध होता है। यह साल 2022 का पहला चक्रवाती तूफान है। कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम ने कहा कि नगर निगम ने चक्रवाती तूफान असानी के बनने के मद्देनजर अपने कर्मचारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।