IndiGo ने दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट में नहीं होने दिया सवार! एयरलाइन पर भड़के ज्योतिरादित्य सिंधिया, DGCA ने शुरू की जांच

IndiGo एयरलाइंस ने शनिवार को रांची एयरपोर्ट पर स्पेशल नीड वाले एक बच्चे यानी ऐसा बच्चा जिसे खास देखभाल की जरूरत होती है उसे विमान में चढ़ने से रोक दिया

अपडेटेड May 09, 2022 पर 1:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंडिगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस ने शनिवार को एक दिव्यांग बच्चे को रांची एयरपोर्ट पर फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया, क्योंकि वह 'घबराया' हुआ था। इसके बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय DGCA (Directorate General of Civil Aviation) ने इसकी जांच शुरू कर दी है। एयरलाइन से एक रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। इस विवाद पर अब केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंडिगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि इस तरह का बर्ताव बर्दाश्त नहीं करेंगे। सिंधिया ने ट्वीट किया, "इस तरह के बर्ताव को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी इंसान को इस तरह की परिस्थिति से नहीं गुजरना चाहिए। मैं खुद इस मामले की जांच कर रहा हूं, जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।"


DGCA ने शुरू की जांच

रिपोर्ट के मुताबिक, शानिवार को इंडिगो ने स्पेशल नीड वाले एक बच्चे को रांची एयरपोर्ट पर फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया। एयरलाइन का कहना था कि बच्चा पैनिक (परेशान) की स्थिति में था। अधिकारियों ने कहा कि लड़के को रांची-हैदराबाद की फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया था, क्योंकि उसके माता-पिता ने भी उड़ान में सवार नहीं होने का फैसला किया। मामले के सामने आने के बाद DGCA ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- Elon Musk Tweet: 'अगर मैं रहस्यमय परिस्थिति में मर जाऊं तो...' एलॉन मस्क के ट्वीट से दुनियाभर में हलचल

DGCA ने एयरलाइन से एक रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के प्रमुख अरुण कुमार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि DGCA ने इस मामले में इंडिगो से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि DGCA इस घटना की जांच कर रहा है और वह उचित कार्रवाई करेगा।

इंडिगो का बयान

वहीं, घटना के बारे में पूछे जाने पर इंडिगो ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एक दिव्यांग बच्चा 7 मई को अपने परिवार के साथ फ्लाइट में सवार नहीं हो सका, क्योंकि वह घबराया हुआ था। एयरलाइन ने कहा कि कर्मचारियों ने आखिरी समय तक उसके शांत होने का इंतजार किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

उसने कहा कि एयरलाइन ने उन्हें होटल में ठहरने की सुविधा दी और उन्होंने अगली सुबह अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी। पीटीआई के मुताबिक, एंडिगो ने आगे कहा कि हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। एयरलाइन ने कहा कि 75,000 से अधिक दिव्यांग यात्री हर महीने इंडिगो के साथ उड़ान भरते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।