Nepal Pani Puri Ban: नेपाल (Nepal) के काठमांडू (Kathmandu) घाटी के ललितपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी (Lalitpur Metropolitan City) में 'पानी पुरी' (Pani Puri) की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जितना हैरान करने वाला ये फैसला है, उतना ही चिंताजनक इसके पीछे का कारण है। क्योंकि इस इलाके में 12 लोगों को हैजा (cholera) हो गया है।
दरअसल ऐसा दावा किया गया था कि पानी पुरी के पानी में हैजा के बैक्टीरिया पाए गए थे। इस कारण ललितपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी (LMC) ने शनिवार को शहर में पानी पुरी की बिक्री और वितरण को रोकने का फैसला किया गया है।
PTI के मुताबिक, नगर पुलिस प्रमुख सीताराम हचेतु के अनुसार, शहर में भीड़-भाड़ वाले इलाकों और कॉरिडोर रीजन में पानी पुरी की बिक्री को रोकने के लिए आंतरिक तैयारी की गई है। इसमें कहा गया है कि घाटी में हैजा फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय के अनुसार, काठमांडू घाटी में सात और लोगों के हैजा के पॉजिटिव टेस्ट के साथ, घाटी में मरीजों की कुल संख्या 12 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत महामारी विज्ञान और डिजीज कंट्रोल डिविजन के डायरेक्टर चुमानलाल दास के अनुसार, काठमांडू महानगर में हैजा के पांच मामलों की पहचान की गई है, और चंद्रगिरी नगर पालिका और बुधनिलकांठा नगर पालिका में एक-एक मामले की पहचान हुई है।
संक्रमितों का इलाज टेकू स्थित सुकरराज ट्रॉपिकल एंड इंफेक्शियस डिजीज हॉस्पिटल में चल रहा है। इससे पहले राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हैजा के पांच मामले मिले थे। संक्रमितों में से दो का पहले ही इलाज कर के छुट्टी दे दी गई है।
इस बीच, स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय ने लोगों से आग्रह किया है कि हैजा के किसी भी लक्षण को महसूस करने पर तुरंत अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाएं।
मंत्रालय ने सभी से सतर्क और सावधान रहने का अनुरोध किया है, क्योंकि अतिसार, हैजा और पानी से पैदा होने वाली बीमारियां खासतौर से गर्मी और बरसात के मौसम में फैल रही हैं।