नेपाल (Nepal) के टूरिस्ट शहर पोखरा (Pokhara) से रविवार सुबह एक विमान जोमसोम (Jomsom) के लिए उड़ान भरने के बाद पर्वतीय इलाकों में लापता हो गया। विमान में चार भारतीयों समेत 22 लोग सवार हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि यह विमान ‘तारा एयर (Tara Air)’ नाम की एक प्राइवेट एयरलाइन का था।
एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने बताया कि तारा एयर का दो इंजन वाले विमान '9N-AET' ने रविवार सुबह सवा 10 बजे पोखरा से उड़ान भरी थी, लेकिन 15 मिनट बाद ही उसका टॉवर से संपर्क टूट गया। प्रवक्ता ने बताया कि विमान में चार भारतीय, दो जर्मन और 13 नेपाली यात्रियों के अलावा तीन क्रू मेंबर भी थे। इन क्रू मेंबर की अगुआई कैप्टन प्रभाकर प्रसाद घिमिरे कर रहे थे।
नेपाल की सरकारी मीडिया के मुताबिक, विमान को देश के पश्चिमी पर्वतीय इलाके में स्थित जोमसोम एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन पोखरा-जोमसोम हवाई मार्ग पर घोरेपानी के ऊपर आसमान में विमान का टॉवर से संपर्क टूट गया।
हादसे का शिकार हुआ विमान?
जोमसोम एयरपोर्ट के एक एयर ट्रैफिक कंट्रोलकर के मुताबिक, जोमसोम के घासा में एक जोरदार आवाज सुनाई देने की अपुष्ट खबर मिली है। ‘माय रिपब्लिका’ अखबार ने मुस्तांग के पुलिस उपाधीक्षक राम कुमार दानी के हवाले से बताया कि इस बात का संदेह है कि विमान धौलागिरी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। दानी ने बताया कि विमान की तलाश के लिए जोमसोम से एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है।
नेपाल के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता फणींद्र मणि पोखरेल ने बताया, "तलाशी अभियान के लिए दो हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। खराब मौसम के कारण तलाशी अभियान में बाधा आ सकती है। विजिबिलिटी इतनी खराब है कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।"
2016 में भी हुआ था इसी रूट पर हादसा
बता दें कि हवाई सुरक्षा के खराबर रिकॉर्ड को लेकर नेपाल पर पहले भी काफी सवाल उठते रहे हैं। यूरोपीय यूनियन ने सुरक्षा कारणों से सभी नेपाली एयरलाइंस को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश पर बैन लगाया हुआ है। यह भी दिलचस्प है कि 2016 में भी तारा एयर के एक हवाई जहाज का पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरते समय ऐसे ही संपर्क खो गया था और बाद में विमान क्रैश होने से इसमें सवार सभी 23 लोग की जान चली गई थी।