उत्तर कोरिया ने लगातार दूसरे दिन दागी बैलिस्टिक मिसाइल, जापान में इमरजेंसी अलर्ट जारी, लोगों को घरों में रहने की हिदायत

North Korea Missile Strikes: उत्तर कोरिया (North Korea) ने गुरुवार को दूसरे दिन लगातार फिर से एक बैलेस्टिक मिसाइल दागी है। एक मिसाइल जापान (Japan) के ऊपर से गुजरी, जिसने देश के मध्‍य और उत्‍तरी इलाके में दहशत पैदा कर दी है

अपडेटेड Nov 03, 2022 पर 10:36 AM
Story continues below Advertisement
North Korea: जापान के प्रधानमंत्री ऑफिस की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है

North Korea Missile Strikes: उत्‍तर कोरिया (North Korea) ने गुरुवार को दूसरे दिन लगातार एक और बैलेस्टिक मिसाइल दागी है। एक मिसाइल जापान (Japan) के ऊपर से गुजरी जिसने देश के मध्‍य और उत्‍तरी इलाके में दहशत पैदा कर दी है। जापान में इमरजेंसी अलर्ट (Emergency alert) जारी कर दिया गया है। गुरुवार सुबह उत्तर कोरिया की तरफ से मिसाइल दागे जाने के बाद जापान सरकार ने यह कदम उठाया है। लोगों को घरों के अंदर ही रहने के लिए कहा गया है। इससे पहले बुधवार को उत्तर कोरिया ने समुद्र में 23 मिसाइलें दागीं थीं। जिसमें से एक मिसाइल दक्षिण कोरिया (South Korea) के तट पर गिरी थी।

जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि उत्तर कोरिया ने संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है। पीएम कार्यालय के अनुसार, जापान के हवाई क्षेत्र के जरिए बैलिस्टिक मिसाइल को इस तरह से दागना ऐसा काम है, जो संभावित रूप से जापान के लोगों के जीवन और संपत्ति को प्रभावित कर सकता है।

आपको बता दें कि इन मिसाइलों को ऐसे समय में दागा गया है जब उत्तर कोरिया की तरफ से अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ परमाणु हथियारों के प्रयोग की धमकी दी गई है। उत्तर कोरिया ने कहा है कि इन दोनों देशों को इतिहास की सबसे भारी कीमत चुकानी होगी। उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों का विस्तार करने के लिए अमेरिका की आलोचना की है।


उत्तर कोरिया ने एक दिन में दागी 23 मिसाइलें

उत्तर कोरिया ने बुधवार को समुद्र में कम से कम 23 मिसाइलें दागीं। इनमें में से एक मिसाइल दक्षिण कोरिया के तट से सिर्फ 60 किलोमीटर से भी कम दूरी पर गिरी। दक्षिण कोरियाई सेना की तरफ से इसकी पुष्टि की गई है। दक्षिण कोरिया की सेना ने एक बयान में कहा कि उत्तर कोरिया द्वारा बुधवार तड़के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर एक के बाद एक 23 मिसाइल दागे गए। सेना ने कहा कि विभिन्न प्रकार की मिसाइल कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी एवं पश्चिमी तटों की ओर दागी गईं।

ये भी पढ़ें- Elon Musk कॉस्ट घटाने के लिए Twitter से निकालेंगे 3,700 कर्मचारी, अब नहीं चलेगा ‘कहीं से भी काम’

दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि 23 मिसाइल में से एक ने दक्षिण कोरिया के एक द्वीप की दिशा में उड़ान भरी, लेकिन वह दोनों प्रतिद्वंद्वियों की समुद्री सीमा के पास गिरी। दक्षिण कोरिया ने कहा कि उसने उस द्वीप के लिए हवाई हमले का अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण कोरिया ने भी किया पलटवार

दक्षिण कोरिया ने कहा कि उसने उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपणों के जवाब में हवा से सतह पर मार करने वाली तीन मिसाइलों का परीक्षण किया है। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, उसके लड़ाकू विमानों ने बुधवार को प्रतिद्वंद्वियों की पूर्वी सीमा के पास तीन मिसाइलें दागी। सेना ने बताया कि उत्तर कोरियाई मिसाइल परीक्षणों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है।

दक्षिण कोरिया का कहना है कि उत्तर कोरिया की एक मिसाइल समुद्री सीमा के पास गिरी थी। दक्षिण कोरिया के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि उसने उत्तर कोरिया द्वारा मिसाइल दागे जाने के मद्देनजर गुरुवार सुबह तक देश के पूर्वी जल क्षेत्र के ऊपर कुछ वायु मार्गों को बंद कर दिया है।

सैन्य अभ्यास को लेकर भड़का कोरिया

इन हमलों से पहले उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों का विस्तार करने को लेकर अमेरिका की आलोचना की थी। उत्तर कोरिया दावा करता है कि ये संभावित आक्रमण का युद्धाभ्यास है। उसने मंगलवार को इसके जवाब में अधिक प्रभावशाली उपायों की चेतावनी दी थी। उत्तर कोरिया का यह बयान ऐसे वक्त में आया, जब अमेरिका तथा दक्षिण कोरिया ने 200 से अधिक युद्धक विमानों के साथ हवाई अभ्यास किया। इनमें F-35 लड़ाकू विमान भी शामिल रहे।

दक्षिण कोरिया के बिल्कुल पास गिरी मिसाइल

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने एक बयान में कहा कि उत्तर कोरिया ने बुधवार सुबह वोनसान के पूर्वी तटीय क्षेत्र से मिसाइल दागीं। उन्होंने कहा कि एक मिसाइल कोरिया प्रायद्वीप की पूर्वी समुद्री सीमा से 60 किलोमीटर (37 मील) दक्षिण में और दक्षिण कोरिया के उलेउंग द्वीप से 167 किलोमीटर (104 मील) पश्चिमोत्तर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में गिरी।

उत्तर कोरिया ने इस साल अपने हथियारों का प्रदर्शन तेज कर दिया है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने इस साल बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास फिर से शुरू किए। उन्होंने प्योंगयांग के साथ कूटनीतिक वार्ता के प्रयासों और महामारी के कारण पिछले कुछ वर्षों में अभ्यास नहीं किए थे। उत्तर कोरिया ने कहा था कि उसकी प्रक्षेपण गतिविधियां संयुक्त सैन्य अभ्यासों के बीच एक चेतावनी के तौर पर है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।