Pakistan: सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद, हिंदू मंदिर पर हमले के आरोप में 20 गिरफ्तार, 150 के खिलाफ केस दर्ज

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसी घटनाओं से दुनिया में देश की छवि को नुकसान पहुंचता है

अपडेटेड Aug 08, 2021 पर 9:51 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

पाकिस्तान (Pakistan) के पंजाब प्रांत की पुलिस ने कहा है कि उन्होंने देश के सुदूरवर्ती शहर में एक हिंदू मंदिर (Hindu Mandir) पर हमले के आरोप में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है और 150 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई ऐसे वक्त में सामने आई है, जब देश के सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ऐसे हमलों को रोकने में नाकामी को लेकर अधिकारियों की खिंचाई की और दोषियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। अदालत ने कहा कि ऐसी घटनाओं से दुनिया में देश की छवि को नुकसान पहुंचता है।

पंजाब प्रांत के रहीमयार खान जिले के भोंग इलाके में लाठी-डंडों, पत्थर और ईंट लिए सैकड़ों लोगों ने एक मंदिर पर हमला किया, उसके कुछ हिस्सों को जलाया और मूर्तियां खंडित कीं। उन्होंने एक स्थानीय मदरसे में कथित तौर पर पेशाब करने के लिए गिरफ्तार किए गए आठ साल के हिंदू लड़के को अदालत से रिहा करने के विरोध में मंदिर पर हमला किया।

रहीमयार खान के जिला पुलिस अधिकारी (DPO) असद सरफराज ने पत्रकारों को बताया, "हमने भोंग में कथित रूप से मंदिर पर हमला मामले में अब तक 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।" उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में गिरफ्तारी संभावित थी, क्योंकि पुलिस वीडियो फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान कर रही थी।

उन्होंने बताया कि मंदिर पर हमला करने के आरोप में 150 से ज्यादा लोगों के खिलाफ आतंकवाद और पाकिस्तान दंड संहिता (PPC) की दूसरी धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, "इस अपराध में शामिल हर संदिग्ध को गिरफ्तार किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार मंदिर की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।" पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश गुलजार अहमद ने शुक्रवार को कहा कि मंदिर में तोड़फोड़ की घटना देश के लिए शर्मनाक है क्योंकि पुलिस मूक दर्शक की तरह काम कर रही है।

CJI ने आठ साल के बच्चे की गिरफ्तारी पर हैरानी जताई और पुलिस से पूछा कि क्या वह इतने छोटे बच्चे की मानसिक हालत को समझ नहीं पाई। पाकिस्तान की संसद ने शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित कर मंदिर पर हमले की घटना की निंदा की। मामले में सुनवाई 13 अगस्त तक के लिए टाल दी गई है।

भारत ने गुरुवार को नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी को तलब किया और इस घटना के साथ पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय की आजादी और उनके धार्मिक स्थानों पर हमले की लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।


पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। आधिकारिक अनुमान के अनुसार, पाकिस्तान में 75 लाख हिंदू रहते हैं। हालांकि, समुदाय के मुताबिक देश में 90 लाख से अधिक हिंदू रहते हैं। पाकिस्तान की अधिकांश हिंदू आबादी सिंध प्रांत में बसी है, जहां वे मुस्लिम निवासियों के साथ संस्कृति, परंपरा और भाषा साझा करते हैं। वे अक्सर चरमपंथियों की तरफ से उत्पीड़न की शिकायत करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।