Pakistan: 'द कपिल शर्मा शो में सिद्धू की जगह ले सकते हैं इमरान!' खान को पूर्व पत्नी ने दी 'बॉलीवुड' में एक्टिंग करने की सलाह

रेहम खान का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह एक पत्रकार से इमरान खान को लेकर बात कर रही हैं

अपडेटेड Apr 14, 2022 पर 6:30 PM
इमरान खान को पूर्व पत्नी ने दी 'बॉलीवुड' में एक्टिंग करने की सलाह (FILE PHOTO)

पाकिस्तान (Pakistan) में इमरान खान (Imran Khan) को सत्ता से बेदखल कर दिया गया है। प्रधानमंत्री की कुर्सी जाने के बाद, लोग सवाल पूछ रहे हैं कि इमरान खान अब क्या करेंगे? ऐसे ही सवालों का जवाब इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान (Reham Khan) ने दिया है। रेहम ने एक पत्रकार से बात करते हुए कहा, "इमरान खान में 'हंसाने की कला' है और वह 'द कपिल शर्मा शो' (The Kapil Sharma) में राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) की जगह ले लेंगे।" साफ है कि रेहम ने इमरान पर यह तंज कसा है।

दरअसल रेहम खान का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह एक पत्रकार से इमरान खान को लेकर बात कर रही हैं। वीडिय में वे कहती हैं, "इमरान बहुत भावुक हो गए हैं और भारत को उनके लिए जगह बनानी चाहिए।"

पत्रकार ने जब यह पूछा कि उनके पूर्व पति को भारत में कहां जाना चाहिए? तो रेहम खान मुस्कुराई और बोलीं, "बॉलीवुड।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "मुझे विश्वास है कि वह ऑस्कर जितने लायक प्रदर्शन कर सकते हैं।"


यह पूछे जाने पर कि क्या खान को नायक या खलनायक के रूप में लिया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि यह उनकी पसंद है। बॉलीवुड में हीरो नेगेटिव रोल भी करते हैं और खलनायक भी मुख्य भूमिका निभाते हैं।

'अब तो उन्होंने शेर-ओ-शायरी भी शुरू कर दी'

रेहम खान एक ब्रिटिश-पाकिस्तानी पत्रकार हैं। वे फिर कहती हैं कि इमरान खान में हंसाने की प्रतिभा है और वह भारत में काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "अगर नहीं, तो कपिल शर्मा शो तो है ही।"

इसके बाद वह क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू का जिक्र करती हैं। सिद्धू कुछ साल पहले तक "द कपिल शर्मा शो" में आया करते थे। वह कहती हैं, "शो में पाजी की जगह खाली है।" अभिनेता अर्चना पूरन सिंह ने कॉमेडी शो में सिद्धू की जगह ली है। इस शो की दुनिया भर में बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है।

रेहम ने कहा, "अब उन्होंने शेर-ओ-शायरी भी शुरू कर दी है।" खान मुस्कुराते हुए कहती हैं, "...और पाजी के साथ उनके अच्छे संबंध हैं, इसलिए मुझे लगता है कि वे एक साझा समझौते पर पहुंच सकते हैं।"

Pakistan: इमरान खान की बढ़ी मुश्किलें, FIA ने उपहार में मिले हार की बिक्री को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ शुरू की जांच

बता दें कि पूर्व वर्ल्ड कप विजेता क्रिकेटर इमरान खान और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच अपने क्रिकेट के दिनों से ही गहरे संबंध रहे हैं। सिद्धू को इस मुद्दे पर कड़वी आलोचना का सामना करना पड़ा है। सिद्धू खान को अपना "बड़ा भाई" भी कह चुके हैं।

रेहम खान से बात करते हुए पत्रकार आखिर में कैमरे की तरफ देखता है और कहता है, "कपिल शर्मा, मुझे यकीन है कि आप रेहम को सुन रहे हैं और शो देख रहे हैं। वह अनुरोध कर रही हैं कि आप अपने शो में इमरान खान को जरूर बुलाएं।"

इमरान खान और रेहम खान का 2015 में तलाक हो गया था। इसके बाद से कई मौकों पर रेहम को खान पर तंज कस्ते हुए देखा गया है। इतना ही नहीं उन्होंने इमरान को 'मिनी ट्रंप' तक कह डाला था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।