Pakistan: महंगाई से परेशान आम जनता को पेट्रोल-डीजल ने दिया झटका, बढ़ गए दाम, जानिए वजह

Pakistan: पाकिस्तान में रोटी के लिए हाहाकार मचाती जनता के सामने एक और बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पाक सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम में भारी बढ़ोतरी कर दी है। पेट्रोल और डीजल के दाम 35 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। बढ़े हुए नए दाम 29 जनवरी सुबह 11 बजे से लागू हो चुके हैं

अपडेटेड Jan 29, 2023 पर 5:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने के पहले सोशल मीडिया में अफवाह फैली थी कि सरकार पेट्रोल डीजल के दाम 50 रुपये प्रति लीटर बढ़ा सकती है

Pakistan: भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में महंगाई, कंगाली और बदहाली इस कदर छाई हुई है कि ज्यादातर लोगों के लिए दो जून की रोटी का इंतजाम करन् बड़ी आफत है। महंगे आटे का इंतजाम कर के रोटी का जुगाड़ हो भी जाए तो तेल-सब्जी के आंसू बहाने पड़ते हैं। हालात ये हैं कि नमक और प्याज के साथ भी रोटी खाने को लोग तरस जा रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम में आग लग गई। पाक सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम में 35 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। सरकार ने बढ़े हुए नए दाम आज 29 जनवरी सुबह 11 बजे से लागू कर दिए हैं।

पाकिस्तान (Pakistan) के वित्त मंत्री इशाक डार (Finance Minister Ishaq Dar) ने अपने टीवी संबोधन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने पेट्रोल डीजल के दाम में 35 रुपये बढ़ाने की घोषणा की। इसके बाद फौरन बढ़ी हुई कीमतें लागू कर दी गईं।

जानिए पेट्रोल-डीजल के भाव


पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ में छपी एक खबर के मुताबिक, पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार (Ishaq Dar) ने कहा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की अफवाहें चल रही थी। ऐसे में हमें बाजार में पेट्रोल और डीजल की किल्लत होने की रिपोर्ट मिली है। लिहाजा ऐसे हालात को खत्म करने के लिए सरकार ने दाम बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं पाक में मिट्टी के तेल और लाइट डीजल तेल की कीमतों में 18 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पाकिस्तान में बढ़े हुए नए दाम में पेट्रोल के दाम 249.80 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। हाई-स्पीड डीजल 262.80 रुपये प्रति लीटर, मिट्टी का तेल 189.83 रुपये प्रति लीटर और हल्का डीजल 187 रुपये प्रति लीटर के भाव से बिक रहा है।

कंगाल पाकिस्तान को एक और झटका! IMF ने बजटीय इस्टीमेंट्स में 2,000 अरब रुपये का पाया उल्लंघन

डॉलर के मुकाबले रुपये में भारी गिरावट

पाकिस्तान में रुपये के मूल्य में भारी गिरावट आई है। इसके बाद अटकलें थीं कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 80 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी कर सकती है।

देश भर के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें

डार के ऐलान से पहले पाकिस्तान में शनिवार को देश के कई हिस्सों में पेट्रोल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की अफवाहें चल रही थी। इससे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं।

भारत से ढाई गुना अधिक कीमत

भारत में फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर चल रहे हैं। वहीं पाकिस्तान में 250 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। ऐसे में अगर दोनों देशों की तुलना की जाए तो पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम भारत से ढाई गुना अधिक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।