PM Modi Visit Austria: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (10 जुलाई) को ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय साझेदारी की पूरी क्षमता के दोहन के तरीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रिया दोस्ती मजबूत है और आने वाले समय में यह और मजबूत होगी। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैंने और चांसलर नेहमर ने विश्व में चल रहे विवादों चाहें यूक्रेन में संघर्ष हो या पश्चिम एशिया की स्थिति पर विस्तार से बात की है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है। पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार शाम मॉस्को से वियना पहुंचे। 40 से अधिक वर्षों में ऑस्ट्रिया में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "दोनों देशों की युवा शक्ति और विचारों को कनेक्ट करने के लिए स्टार्टअप ब्रिज को गति दी जाएगी। मोबिलिटी और माइग्रेशन पार्टनरशिप पर पहले से समझौता हुआ है। यह लीगल माइग्रेशन और कुशल कार्यबल की आवाजाही में सहयोग देगा... मैंने और चांसलर नेहमर ने विश्व में चल रहे विवादों, चाहे यूक्रेन में संघर्ष हो या पश्चिम एशिया की स्थिति. सभी पर विस्तार में बात की है।"
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान आगे कहा, "मैंने पहले भी कहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है, समस्याओं का समाधान रणभूमि में नहीं हो सकता। चाहे वह कहीं भी हो, मासूम लोगों के जान की हानि अस्वीकार्य है। भारत और ऑस्ट्रिया संवाद और कूटनीति पर जोर देते हैं और इसके लिए हम साथ मिलकर हर संभव मदद देने के लिए तैयार हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम दोनों आतंकवाद की कठोर निंदा करते हैं। हम सहमत हैं कि ये किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इसको किसी तरह भी जस्टिफाई नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र संघ और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में रिफॉर्म के लिए सहमत हैं, ताकि उन्हें समकालीन और इफेक्टिव बनाया जाए।
चांसलर ने पीएम के साथ ली सेल्फी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने वियना में दोनों नेताओं की तस्वीरों के साथ X पर एक पोस्ट में कहा, "भारत-ऑस्ट्रिया साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर! ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने एक निजी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की। दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात है। द्विपक्षीय साझेदारी की पूरी क्षमता को साकार करने पर चर्चा आगे होगाी।"
जायसवाल की ओर से शेयर की गई तस्वीरों में से एक में मोदी नेहमर को गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि दूसरी तस्वीर में ऑस्ट्रियाई चांसलर प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी लेते दिख रहे थे। नेहमर ने X पर अपनी और PM मोदी की एक तस्वीर पोस्ट की और कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का विएना में स्वागत है! ऑस्ट्रिया में आपका स्वागत करना खुशी और सम्मान की बात है। ऑस्ट्रिया और भारत मित्र और साझेदार हैं। मैं आपकी यात्रा के दौरान राजनीतिक और आर्थिक चर्चाओं की प्रतीक्षा कर रहा हूं।"
प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी से स्वागत के लिए ऑस्ट्रिया के चांसलर को धन्यवाद दिया और कहा कि वह आगामी चर्चाओं को लेकर आशान्वित हैं। पीएम मोदी से पहले वर्ष 1983 में इंदिरा गांधी ने ऑस्ट्रिया की यात्रा की थी। पीएम मोदी की ऑस्ट्रिया यात्रा के दौरान दोनों देश अपने संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने और विभिन्न भू-राजनीतिक चुनौतियों से निपटने में करीबी सहयोग के तरीकों पर चर्चा की। ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने वंदे मातरम की प्रस्तुति देकर पीएम मोदी का स्वागत किया। ऑर्केस्ट्रा का नेतृत्व विजय उपाध्याय ने किया।