पीएम मोदी ने एंथनी अल्बनीज के साथ बातचीत में उठाया ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हमलों का मुद्दा

पिछले कुछ समय में ऑस्ट्रेलिया में कई मंदिरों में तोड़फोड़ के मामले सामने आए हैं। साथ ही खालिस्तान समर्थकों और भारतीयों के बीच झड़पों की खबरें भी आ चुकी हैं। इससे पहले मार्च महीने में जब अल्बनीज भारत आए थे तब उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया कोई भी अतिवाद या धार्मिक इमारतों पर हो रहे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा

अपडेटेड May 24, 2023 पर 10:24 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के सौहार्दपूर्ण रिश्तों को कोई भी तत्व अपने विचारों या एक्शन से आघात पहुंचाए ये हमें स्वीकार्य नहीं है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज (Anthony Albanese) के साथ बुधवार को बातचीत में ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों (Hindu temples in Australia) पर हमलों की हालिया घटनाओं का मुद्दा उठाया। साथ ही खालिस्तान समर्थकों की गतिविधियों पर भारत की चिंताओं से भी उन्हें अवगत कराया। पीएम मोदी ने कहा कि उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने इन मामलों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बता दें कि पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने बुधवार को मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर होने वाले हमलों और अलगाववादी तत्वों की गतिविधियों के संबंध में हमने पहले भी बात की थी और आज भी बात की है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के सौहार्दपूर्ण रिश्तों को कोई भी तत्व अपने विचारों या एक्शन से आघात पहुंचाए ये हमें स्वीकार्य नहीं है। पीएम अल्बनीज ने मुझे एक बार फिर से आश्वासन दिया है कि वो भविष्य में भी इस तरह के तत्वों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। चर्चा के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया, जिससे द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मीडिया संबोधन में भारत-ऑस्ट्रेलिया सहयोग के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री अल्बनीज और मैंने पहले भी ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हमलों और अलगाववादी तत्वों की गतिविधियों के मुद्दे पर चर्चा की है। हमने आज भी इस पर बात की। यह हमें स्वीकार्य नहीं है कि कोई भी अपने कृत्यों या विचारधारा से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैत्रीपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण संबंधों को ठेस पहुंचाए।"


पीएम मोदी ने अल्बनीज को कहा शुक्रिया

पीएम मोदी ने ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अल्बनीज का शुक्रिया अदा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री अल्बनीज ने आज मुझे एक बार फिर आश्वासन दिया कि वह भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।" ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ अपनी लगातार हो रही बैठकों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की गहराई को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में यह हमारी छठवीं मुलाकात है। यह हमारे व्यापक संबंधों की गहराई और हमारे संबंधों की परिपक्वता को दर्शाता है। क्रिकेट की भाषा में कहें तो हमारे संबंध टी20 फॉर्मेट में हैं। पीएम दी ने बताया कि दोनों पक्षों ने खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग पर भी सार्थक चर्चा की। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने हरित हाइड्रोजन के क्षेत्रों में सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने का भी फैसला किया। वहीं, अल्बनीज ने अपने बयान में कहा कि ऑस्ट्रेलिया बेंगलुरु में एक नया महावाणिज्य दूतावास खोलेगा।

हिंदू मंदिरों पर हमला

आपको बता दें कि पिछले कुछ समय में ऑस्ट्रेलिया में कई मंदिरों में तोड़फोड़ के मामले सामने आए हैं। साथ ही खालिस्तान समर्थकों और भारतीयों के बीच झड़पों की खबरें भी आ चुकी हैं। इससे पहले मार्च महीने में जब अल्बनीज भारत आए थे तब उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया कोई भी अतिवाद या धार्मिक इमारतों पर हो रहे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा। भारत लगातार मंदिरों पर हो रहे हमलों खिलाफ सख्ती से आवाज उठाता आ रहा है।

ये भी पढ़ें- सिडनी में भारत की जय-जयकार! पीएम मोदी को सुनने पहुंचे 20 हजार प्रवासी भारतीय, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को बताया 'बॉस'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।