सिडनी में भारत की जय-जयकार! पीएम मोदी को सुनने पहुंचे 20 हजार प्रवासी भारतीय, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को बताया 'बॉस'

ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो की 2016 की जनगणना के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में 6,19,164 लोगों ने घोषित किया कि वे भारतीय मूल के हैं। ये ऑस्ट्रेलियाई आबादी का 2.8 प्रतिशत हैं। उनमें से 5,92,000 भारत में पैदा हुए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी बार 2014 में ऑस्ट्रेलिया की यात्रा की थी

अपडेटेड May 23, 2023 पर 3:27 PM
ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथोनी अल्बनीज ने कहा कि आखिरी बार मैंने इस मंच पर ब्रूस स्प्रिंगस्टीन को देखा था, लेकिन उन्हें ऐसा स्वागत नहीं मिला जो प्रधानमंत्री मोदी को मिला है। प्रधानमंत्री मोदी 'बॉस' हैं

PM Modi at Qudos Bank Arena in Sydney: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में स्थित कुडोस बैंक एरिना स्टेडियम में आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया। सिडनी के ओलंपिक पार्क में मंगलवार को 'मोदी-मोदी' को शोर गूंज उठा। पीएम मोदी ने यहां 20 हजार से ज्यादा प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। इस दौरान ऑस्‍ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्‍बनीज ने कहा कि 'पीएम मोदी बॉस हैं!' भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से पीएम का स्वागत किया। पीएम मोदी को सुनने के लिए स्डेडियम में भारतीय समुदाय के 20 हजार से अधिक लोग उपस्थित थे।

इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज ने उनका स्वागत गर्मजोशी से किया। प्रधानमंत्री मोदी अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ देश में रहने वाले प्रवासी भारतीयों के इस कार्यक्रम को संबोधित किया। पीएम मोदी राजकीय अतिथि के रूप में ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर हैं।

हिरोशिमा में G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जापान रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि वह सिडनी में एक विशेष कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे। ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो की 2016 की जनगणना के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में 6,19,164 लोगों ने घोषित किया कि वे भारतीय मूल के हैं। ये ऑस्ट्रेलियाई आबादी का 2.8 प्रतिशत हैं। उनमें से 5,92,000 भारत में पैदा हुए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी बार 2014 में ऑस्ट्रेलिया की यात्रा की थी।


पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

  • अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आज मैं आपके बीच आया हूं कि तो मैं एक घोषणा भी करने जा रहा हूं। ब्रिसबेन में भारतीय समुदाय की बहुत समय से जो मांग थी, अब उसे पूरा किया जाएगा। जल्द ही ब्रिसबेन में भारत का एक नया वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी में जिस देश ने दुनिया का सबसे तेज वैक्सीनेशन कार्यक्रम किया वो भारत है, आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है, आज भारत दुनिया में नंबर 1 स्मार्ट फोन डेटा उपभोक्ता है.......अब जो देश अगले 25 साल में विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है वो भारत है।
  • पीएम मोदी ने कहा कि अगले 25 साल में विकसित होने के लक्ष्य के साथ जो देश आगे बढ़ रहा है वो देश भारत है। आज IMF भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था का उज्ज्वल बिन्दु मानता है। वर्ल्ड बैंक का विश्वास है कि ग्लोबल हेडविंड्स को अगर कोई चुनौती दे रहा है तो वो भारत है।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल जब महान क्रिकेटर शेन वार्न का निधन हुआ तो ऑस्ट्रेलिया के साथ कोटि-कोटि भारतीयों ने भी शोक मनाया। ये ऐसा था जैसे हमने अपना कोई खो दिया.. आप सभी का एक सपना रहा है कि हमारा भारत भी विकसित राष्ट्र बने। जो सपना आपके दिल में है वो सपना मेरे दिल में भी है।
  • पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत के पास सामर्थ्य की कमी नहीं है। भारत के पास संसाधनों की भी कमी नहीं है। आज दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे युवा टैलेंट फैक्ट्री भारत में है।
  • पीएम मोदी ने कहा कि मुझे ये जानकर अच्छा लगा कि आप सब ने भी आजादी का अमृत महोत्सव भी बड़े धूमधाम से मनाया है। हमारे किक्रेट के रिश्ते को 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। किक्रेट की फील्ड पर मुकाबला जितना रोचक होता है उतनी ही गहरी हमारी ऑफ द फील्ड दोस्ती है।
  • सिडनी में सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक समय था जब कहा जाता था कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध को 3C(कॉमनवेल्थ, क्रिकेट, करी) पर आधारित है। उसके बाद कहा गया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का संबंध 3D(डेमोक्रेसी, डायसपोरा, दोस्ती) पर आधारति है। कुछ लोगों ने ये भी कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का संबंध 3E(एनर्जी, इकोनॉमी, एजुकेशन) पर आधारित है। अलग-अलग काल में ये बात संभवत: सही भी रही है। मगर भारत-ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक संबंधों का विस्तार इससे कहीं ज्यादा बड़ा है। इन संबंधों का आधार आपसी विश्वास और आपसी सम्मान है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीयों से कहा कि मैं जब 2014 में आया था तब आपसे एक वादा किया था कि आपको फिर भारत के किसी प्रधानमंत्री का 28 साल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।आज सिडनी में, इस एरीना में, मैं फिर हाजिर हूं और मैं अकेला नहीं आया हूं। प्रधानमंत्री अल्बनीज भी मेरे साथ आए हैं।
  • एंथोनी अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में प्रधान मंत्री मोदी का स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री के रूप में मेरा पहला साल है जिसे आज मैं मना रहा हूं। मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री से छह बार मिल चुका हूं, लेकिन इस तरह मंच पर उनके साथ खड़े होने से बेहतर कुछ नहीं है, खुशी की बात है कि यहां प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना।  लेकिन मुझे कहना होगा कि आज रात यहां जो गर्मजोशी और ऊर्जा है, वह किसी से कम नहीं है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज ने सिडनी सामुदायिक कार्यक्रम में द "लिटिल इंडिया" गेटवे की आधारशिला रखी।
  • ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में सामुदायिक कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीस ने कहा कि आखिरी बार मैंने इस मंच पर ब्रूस स्प्रिंगस्टीन को देखा था, लेकिन उन्हें ऐसा स्वागत नहीं मिला जो प्रधानमंत्री मोदी को मिला है। प्रधानमंत्री मोदी बॉस हैं।
  • एरीना में फिलहाल सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा है। कुछ देर बाद प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुडोस बैंक एरिना स्टेडियम में वैदिक मंत्रोच्चारण और अन्य पारंपरिक तरीकों के साथ स्वागत किया गया। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी पीएम मोदी के साथ हैं।

स्टेडियम पहुंचे 20 हजार से ज्यादा प्रवासी भारतीय

सिडनी ओलंपिक पार्क के कुडोस बैंक एरिना स्टेडियम 20 हजार से ज्यादा प्रवासी भारतीय से खचाखच भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज भाषण सुनने के लिए वहां प्रवासी भारतीय पहुंचे हुए हैं और उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मंगलवार का दिन हालांकि वहां रहने वाले लगभग 8 लाख भारतीय प्रवासियों के लिए सामान्य कार्य दिवस है, लेकिन उनमें से लगभग 21 हजार लोग कुडोस बैंक एरिना स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी के भव्य स्वागत समारोह में शामिल होने और उन्हें सुनने के लिए आज छुट्टी करने का फैसला किया है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी को सुनने 'मोदी एयरवेज' चार्टर फ्लाइट से सिडनी स्टेडियम में पहुंचे प्रवासी भारतीय, 20000 लोगों को करेंगे संबोधित

उनमें से 177 लोग मेलबर्न से सिडनी के लिए 'मोदी एयरवेज' नामक चार्टर फ्लाइट से पहुंचे हैं। मार्च में, इंडियन ऑस्ट्रेलियन डायस्पोरा फाउंडेशन की आयोजन समिति की बैठक में 'मोदी एयरवेज' चार्टर विमान चलाने पर विचार किया गया था।

स्वागत समारोह का संचालन कर रहे इंडियन ऑस्ट्रेलियन डायस्पोरा फाउंडेशन के डायरेक्टर जय शाह ने कहा कि पीएम मोदी असाधारण हैं और भारतीय समुदाय के लोगों का उनसे मिलने के लिए बहुत उत्साह है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।