Russia-Ukraine Conflict: रूसी हमले शुरू होने के बाद बीच रास्ते से ही वापस भारत लौट रहा एयर इंडिया का विमान, भारतीयों को लेने यूक्रेन जा रही थी फ्लाइट

रूस ने यूक्रेन के साथ जंग का ऐलान कर दिया है, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सैन्य कार्रवाई के ऐलान के बाद यूक्रेन में कई जगह धमाके सुनाई दिए हैं

अपडेटेड Feb 24, 2022 पर 11:16 AM
एयर इंडिया की फ्लाइट AI1947 यूक्रेन के कीव में NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन) के कारण दिल्ली वापस आ रही है

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र में 'सैन्य अभियान' (Military operation) की घोषणा कर दी है। पुतिन ने यूक्रेन में 'सैन्य अभियान' की घोषणा करते हुए यूक्रेन की सेना से हथियार डालने का आह्वान किया। पुतिन की घोषणा के तुरंत बाद यूक्रेन की राजधानी कीव और कई अन्य शहरों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन में मार्शल लॉ की घोषणा कर दी गई है।

इस बीच, यूक्रेन की राजधानी कीव में जारी रूसी हमलों के चलते एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1947 बीच राश्ते से ही वापस भारत लौट रही है। यूक्रेन में फंसे छात्रों और भारतीय नागरिकों को लेने के लिए यह फ्लाइट जा रही थी, यूक्रेन द्वारा अपने एयर स्पेस को बंद करने के बाद वापस लौट रही है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1947 यूक्रेन के कीव में NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन) के कारण दिल्ली वापस आ रही है।

पुतिन बोले- यूक्रेन पर कब्जे की कोई योजना नहीं


रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह टेलीविजन पर देश के नाम एक संदेश में कहा कि रूस की यूक्रेन पर कब्जे की कोई योजना नहीं है। विशेष सैन्य अभियान के ऐलान वाले अपने बयान में पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के लोग ये चुनाव कर सकेंगे कि उनके देश को कौन चलाता है। अपने संबोधन के दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के सैनिकों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine Conflict: पुतिन की यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई की घोषणा के तुरंत बाद लाइव टेलीकास्ट के दौरान सुना गया धमाका, कैमरे में कैद हुआ रूसी लड़ाकू जेट

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "यूक्रेन में (विशेष मिलिट्री ऑपरेशन की) हमारी योजनाओं में यूक्रेन के क्षेत्र पर कब्जा करना शामिल नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "जो कोई भी हमारे साथ हस्तक्षेप करने की कोशिश करता है या हमारे लोगों के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।"

पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में तैनात सैनिकों से कहा कि वे अपने हथियार डालकर, वापस अपने घरों को चले जाएं। उन्होंने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो जो भी खून बहेगा, इसके लिए वह जिम्मेदार होगा। रूसी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय और सच्चाई रूस की ओर है।

अमेरिका सहित पश्चिमी देशों को दी चेतावनी

उन्होंने सीधे तौर पर अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी रूस को लेकर कार्रवाई करता है तो मास्को इस पर प्रतिक्रिया देने में देर नहीं करेगा। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा है। पुतिन के यूक्रेन में 'मिलिट्री ऑपरेशन' की घोषणा के बाद कीव में एक धमाका सुना गया है।

बीबीसी ने बताया कि हम यूक्रेन के अन्य हिस्सों में कुछ अपुष्ट विस्फोटों की रिपोर्ट सुन रहे हैं। राजधानी कीव में और साथ ही डोनेट्स्क क्षेत्र में क्रामाटोरस्क में जोरदार धमाका हुआ। लेकिन सोशल मीडिया पर उत्तर-पूर्व में यूक्रेन के खार्कि, दक्षिण में ओडेसा और पूर्वी डोनेट्स्क ओब्लास्ट क्षेत्र में विस्फोटों की खबरें भी आई हैं।

यूक्रेनी सैनिकों से हथियार डालने का किया आग्रह

रिपोटरें में यह भी कहा गया है कि पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में यूक्रेनी सैनिकों से हथियार डालने और अपने घरों को लौटने का आग्रह किया है। UN में रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित विशेष अभियान यूक्रेन के लोगों की रक्षा के लिए हैं, जो वर्षों से पीड़ित हैं। हमारा लक्ष्य यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि इस हमले से होने वाली मौतों और तबाही के लिए रूस अकेला जिम्मेदार है। अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। दुनिया इसके लिए रूस को जवाबदेह ठहराएगी।

बाइडेन ने कहा कि मैं आज शाम व्हाइट हाउस से स्थिति की निगरानी करूंगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से नियमित अपडेट प्राप्त करूंगा। कल, मैं सुबह अपने G7 समकक्षों से मिलूंगा... हम अपने NATO सहयोगियों के साथ समन्वय करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।