Russia-Ukraine War: रुस और यूक्रेन के बीच की जंग थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ताजा कड़ी में सामने आया है कि यूक्रेन की सेना ने रुस के कजान में विस्फोटकों से भरे ड्रोन से भीषण हमला बोला है। कजान (Kazan) की बात करें तो यह वही शहर है, जहां हाल ही में ब्रिक्स (BRICS) देशों की 16वीं सालाना बैठक हुई थी जिसमें पीएम मोदी समेत दुनिया के कई नेता पहुंचे थे। रुस का कहना है कि पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र के रायल्स्क शहर में एक यूक्रेनी हमले में छह लोग मारे गए हैं जिसमें एक बच्चा भी है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कुर्स्क क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर अलेक्जेंडर खिंश्टेन ने कहा कि एक 13 वर्षीय बच्चे के समते दस लोगों को रायल्स्क शहर में हमले के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले यूक्रेन की तरफ से भी ऐसी रिपोर्ट आई थी कि रुस ने यूक्रेन पर मिसाइलों से ताजा हमला किया जिसके एक ऐसी बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा, जिसमें कई देशों के दूतावास हैं।
Russia-Ukraine War: अमेरिका से मिले रॉकेट से हुआ हमला
अलेक्जेंडर का कहना है कि यूक्रेन ने अमेरिकी से आए HIMARS रॉकेट दागे थे, जिनसे रायल्स्क में कई इमारतों को नुकसान हुआ, जिनमें एक स्कूल, एक रिक्रिएशन सेंटर और निजी आवास शामिल हैं। हमले से प्रभावित इलाका यूक्रेन के सुमी क्षेत्र की सीमा से करीब 16 मील (26 किमी) दूर स्थित है। अलेक्जेंडर ने टेलीग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमले ने हीटिंग और गैस नेटवर्क को काफी नुकसना पहुंचाया है और फिलहाल 80 से अधिक घरों को सप्लाई बहाल करने का काम जारी है।
Russia-Ukraine War: कुर्स्क के कुछ हिस्से पर अभी यूक्रेन का कब्जा
यूक्रेन की सेना अब भी कुर्स्क क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर जमे हुए हैं, जब उन्होंने 6 अगस्त को सीमा पार एक अप्रत्याशित हमला किया था। रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को अपनी सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उन्हें खदेड़ दिया जाएगा, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि यह कब तक होगा। अलेक्जेंडर को इस महीने की शुरुआत में कुर्स्क का कार्यवाहक गवर्नर बनाया गया। इससे पहले वह स्टेट ड्यूमा की उपाध्यक्ष थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाया है। यूक्रेन और रूस दोनों एक-दूसरे पर नियमित रूप से आम लोगों पर हमले का आरोप लगाते हैं, और दोनों इसे नकारते हैं। दोनों पक्षों के बीच मंगलवार के बाद से तनाव बढ़ गया है, जब रूस के एक टॉप जनरल इगोर किरिलोव की मास्को में बम हमले से मौत हो गई और इस हत्या की जिम्मेदारी यूक्रेन की SBU खुफिया सेवा ने जिम्मेदारी ली थी।