Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तनाव और बढ़ गया है। शनिवार दोपहर यूक्रेन के खार्किव पर रूसी बम हमले में कम से कम 3 लोग मारे गए और 19 लोग घायल हो गए। यह जानकारी खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने दी। जेलेंस्की के अनुसार हमले के दौरान एक हवाई बम एक आवासीय इमारत पर गिरा। इसके बाद रविवार की रात में यूक्रेन ने रात भर में कई रूसी क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए दर्जनों ड्रोन लॉन्च किए। रूसी अधिकारियों का कहना है कि हालांकि किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
इस खबर के आने के कुछ ही देर बाद रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी कि रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आस-पास के क्षेत्र पर हवाई हमला किया है। हमलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम्स को लगाना पड़ा। यह बात कीव के मेयर और ब्रॉडर कीव क्षेत्र के प्रशासन ने रविवार को टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कही।
रूस लगातार यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को बना रहा निशाना
रूस ने यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाना जारी रखा है। कीव में अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन पर रात भर मिसाइलों और ड्रोनों की नई बौछार की, जिससे दक्षिण-पूर्व और पश्चिम में एनर्जी फैसिलिटीज को नुकसान पहुंचा और कम से कम दो कर्मचारी घायल हो गए। यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि रात भर एनर्जी फैसिलिटीज पर अपने आठवें बड़े हमले में रूस ने 16 मिसाइलें और 13 ड्रोन दागे। यूक्रेन के एयर डिफेंस ने रूस की ओर से लॉन्च की गई 16 मिसाइलों में से 12 और सभी 13 ड्रोन्स को रोक दिया। हमलों ने दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया और पश्चिमी ल्वीव क्षेत्र में फैसिलिटीज के उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। क्षेत्रीय गवर्नर इवान फेडोरोव के अनुसार, जापोरिज्जिया में एक एनर्जी फैसिलिटी में आग लगने से दो कर्मचारी घायल हो गए।
रविवार की रात को यूक्रेन के हमले को लेकर रूस के पश्चिमी क्षेत्र ब्रांस्क के गवर्नर अलेक्जेंडर बोगोमाज ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कहा कि क्षेत्र में कम से कम 23 ड्रोन नष्ट कर दिए गए। यह क्षेत्र यूक्रेन की सीमा से लगा हुआ है। रूस के एयर डिफेंस सिस्टम्स ने स्मोलेंस्क क्षेत्र में भी ड्रोन को नष्ट कर दिया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं था कि कितने ड्रोन गिराए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों क्षेत्रों में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई विनाश हुआ। मॉस्को से कई सौ किलोमीटर दक्षिण में लिपेत्स्क क्षेत्र के लिए हवाई हमले की चेतावनी की घोषणा की गई थी।