Lockdown in Pakistan: पाकिस्तान में लॉकडाउन का ऐलान! स्कूल-कॉलेज बंद, शादियों पर भी लगी रोक
Lockdown in Pakistan: शहबाज शरीफ की अगुवाई वाली पाकिस्तान सरकार ने राजधानी इस्लामाबाद में आगामी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा के लिए सेना को तैनात करने का फैसला किया है। यह भव्य शिखर सम्मेलन 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीनी प्रधानमंत्री सहित कई प्रमुख नेता सम्मेलन में भाग लेंगे
Lockdown in Pakistan: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की वजह से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सेना की तैनाती की गई है
Lockdown in Pakistan: पाकिस्तान मंगलवार (15 अक्टूबर) से शुरू होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक की मेजबानी के लिए तैयार है। इसके मद्देनजर इस्लामाबाद में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पाकिस्तान सरकार ने राजधानी इस्लामाबाद में SCO (Shanghai Cooperation Organisation) शिखर सम्मेलन (SCO Summit 2024) के दौरान सुरक्षा के लिए सेना को तैनात करने का फैसला किया है। पाकिस्तान एससीओ शासनाध्यक्ष परिषद (CHG) की बैठक की मेजबानी कर रहा है जो 15 और 16 अक्टूबर को होगी। इस विशाल इंटरनेशनल समिट में शामिल होने के लिए विदेशी गणमान्य अतिथि पाकिस्तान पहुंचने लगे हैं।
समूचे देश में बढ़ते आतंकवादी हमलों और जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी द्वारा प्रदर्शन जारी रखने के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका की पृष्ठभूमि में इस कार्यक्रम का आयोजन हो रहा पाकिस्तानी सेना के कहने पर इस्लामाबाद और रावलपिंडी में मैरेज हॉल, कैफे, रेस्तरां और स्नूकर क्लबों को 12 से 16 अक्टूबर तक बंद करने का निर्देश जारी किया गया है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और चीन एवं रूस के प्रधानमंत्री दो दिवसीय 23वें एससीओ शासनाध्यक्षों की परिषद (सीएचजी) की बैठक में शामिल होने वाले हैं। यहां वे अर्थव्यवस्था, कारोबार एवं पर्यावरण के क्षेत्र में जारी सहयोग पर चर्चा करेंगे। सीएचजी बैठक में अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यावरण, सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों के क्षेत्र में जारी सहयोग पर चर्चा की जाएगी तथा संगठन के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी।
ये नेता एससीओ सदस्य देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेंगे तथा संगठन के बजट को मंजूरी देंगे। सीएचजी के मौजूदा अध्यक्ष की हैसियत से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ आगामी सीएचजी बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
ये देश होंगे शामिल
विदेश मंत्रालय के अनुसार, एससीओ सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व जयशंकर के अलावा चीन, रूस, बेलारूस, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के प्रधानमंत्री तथा ईरान के उपराष्ट्रपति करेंगे। मंगोलिया (पर्यवेक्षक देश) के प्रधानमंत्री और तुर्कमेनिस्तान (विशेष अतिथि) के मंत्रिपरिषद के उपाध्यक्ष एवं विदेश मंत्री भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
रूस से 76 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, चीन से 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, भारत से चार सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंउल, किर्गिस्तान से चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और ईरान से दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहले ही इस्लामाबाद पहुंच चुका है। शंघाई सहयोग संगठन का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान पहुंच गया है।
अर्द्धसैनिक बल और सेना के जवान तैनात
शांति बनाए रखने के लिए पुलिस, अर्द्धसैनिक बल के रेंजर और सैन्य टुकड़ियों को तैनात किया गया है। इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी प्रकार के राजनीतिक जमावड़े और विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) द्वारा विरोध प्रदर्शन की धमकी के कारण तनाव व्याप्त है। पीटीआई ने घोषणा की है कि अगर पार्टी नेताओं और अन्य लोगों को खान से मिलने की अनुमति नहीं दी गई तो वे डी-चौक पर प्रदर्शन करेंगे।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी है। हालांकि, पर्दे के पीछे से पार्टी को अपना विरोध प्रदर्शन वापस लेने के लिए मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि सरकार पीटीआई की मांग को पूरा करने के लिए पार्टी अध्यक्ष गौहर खान और वकीलों की एक टीम को खान से मिलने की अनुमति दे सकती है ताकि विरोध प्रदर्शन को रद्द किया जा सके।
हाई अलर्ट पर पाकिस्तान सरकार, जानें बड़ी बात
- इस्लामाबाद और रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना के लगभग 10,000 सैनिकों और कमांडो को तैनात किया गया है।
- रिपोर्टों के अनुसार, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा बल अब सीधे सेना से आदेश लेंगे।
- 12 से 16 अक्टूबर तक दोनों शहरों में मैरेज हॉल, कैफे, रेस्तरां और स्नूकर क्लब बंद करने का आदेश दिया गया है।
- सरकार ने चेतावनी जारी की है। व्यापारियों और होटल मालिकों को चेतावनी दी गई है कि अगर वे इसका पालन नहीं करते हैं तो उन्हें कानूनी परिणाम भुगतने होंगे।
- व्यापारियों को जमानत बांड भरना होगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनके प्रतिष्ठानों में कोई बाहरी व्यक्ति न रह रहा हो।
- इस्लामाबाद और रावलपिंडी में 14 और 16 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
जयशंकर 15 अक्टूबर को होंगे रवाना
विदेश मंत्री एस. जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को पाकिस्तान पहुंचने वाले हैं। पिछले कई वर्षों से दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच भारत की ओर से पाकिस्तान की यह पहली उच्च स्तरीय यात्रा होगी। अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि इस्लामाबाद पहुंचने के तुरंत बाद विदेश मंत्री जयशंकर एससीओ सदस्य देशों के स्वागत के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मेजबानी में आयोजित स्वागत भोज में शामिल होंगे।
दोनों पक्षों ने एससीओ शासनाध्यक्षों के शिखर सम्मेलन से इतर जयशंकर और उनके पाकिस्तानी समकक्ष इशाक डार के बीच किसी भी द्विपक्षीय वार्ता से इनकार किया है। करीब 9 साल बाद यह पहला मौका है जब भारत के विदेश मंत्री पाकिस्तान की यात्रा करेंगे। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब कश्मीर मुद्दे और पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद को लेकर दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में अब भी बर्फ जमी हुई है।
ऐसी सूचना है कि जयशंकर पाकिस्तान में 24 घंटे से भी कम समय रुकेंगे। पाकिस्तान की यात्रा करने वाली भारत की आखिरी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज थीं। उन्होंने अफगानिस्तान पर एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिसंबर 2015 में इस्लामाबाद की यात्रा की थी।