Sri Lanka Crisis : श्रीलंका के पास तेल खरीदने के लिए डॉलर नहीं है और स्थानीय लोगों को वेतन देने के लिए रुपयों की प्रिंटिंग कर रहा है। हालांकि, अब उसने एशिया में सबसे तेजी से बढ़ती महंगाई को काबू में करने के लिए स्थानीय करेंसी को डालने पर रोक लगाने की योजना बनाई है।
प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे (Ranil Wickremesinghe) ने मंगलवार को संसद को बताया कि महंगाई दर (inflation rate) 60 फीसदी के स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। श्रीलंका में गुरुवार को मॉनेटरी पॉलिसी रिव्यू होना है। विक्रमसिंघे ने कहा, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के साथ बेलआउट को लेकर चल रही बातचीत खासी जटिल हो गई है।
आईएमएफ के साथ समझौते में होगी देरी
विक्रमसिंघे को अब श्रीलंका और आईएमएफ के बीच स्टाफ लेवल समझौता अगस्त तक होने की उम्मीद है, जबकि पहले उन्होंने जून की डेडलाइन तय की थी।
एक साल पहले की तुलना में जून में कंज्यूमर प्राइस 54.6 फीसदी बढ़ गए हैं। वहीं पिछले महीने की तुलना में ट्रांसपोर्ट 128 फीसदी और 80 फीसदी महंगे हो गए हैं। वहीं फसलों और क्रूड ऑयल की भारी कमी बनी हुई है।
सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका (Central Bank of Sri Lanka) इस साल इकोनॉमी के डूबने के बीच ज्यादा रुपये छाप रहा है, जिससे भी कॉस्ट तेजी से बढ़ रही है।
शहरी क्षेत्रों में स्कूल हुए बंद
श्रीलंका में शिक्षकों और बच्चों को स्कूल लाने के लिए पैरेंट्स के पास पर्याप्त फ्यूल नहीं है। भारी विदेशी कर्ज के चलते हिंद महासागर में स्थित इस देश को कोई भी सप्लायर उधार फ्यूल बेचने के लिए तैयार नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि इस समय उपलब्ध स्टॉक कुछ दिन के लिए ही पर्याप्त है, जो स्वास्थ्य और पोर्ट वर्कर्स, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और फूड डिस्ट्रीब्यूशन जैसे आवश्यक कार्यों के लिए ही उपलब्ध कराया जाएगा।
श्रीलंका पर है फ्यूल का 80 करोड़ डॉलर बकाया
ऊर्जा मंत्री कंचना विजेसेकरा ने एक दिन पहले कहा था, ‘‘ रकम जुटाना चुनौतीपूर्ण है। यह एक बहुत बड़ी चुनौती है।’’ उन्होंने कहा कि सरकार ने नए ईंधन ‘स्टॉक’ के लिए ऑर्डर दे दिया है और 40,000 मीट्रिक टन डीजल शुक्रवार को देश में पहुंचने की उम्मीद है, जबकि एक अन्य विमान से 22 जुलाई को पेट्रोल आएगा।
उन्होंने बताया कि ईंधन की कई खेप आनी हैं, लेकिन अधिकारी भुगतान करने के वास्ते 58.7 करोड़ डॉलर जुटाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। विजेसेकरा ने बताया कि श्रीलंका पर सात फ्यूल सप्लायर्स का लगभग 80 करोड़ डॉलर बकाया है।