सीरिया में राष्ट्रपति बशर असद की सरकार का पतन होने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए सबसे बड़े विद्रोही गुट ‘हयात तहरीर अल-शाम’(HTS) के नेता अबू मोहम्मद अल-गोलानी ने इसे ‘‘इस्लामी राष्ट्र की जीत’’ बताया। राजधानी दमिश्क के उपनगरीय इलाकों में शनिवार को विद्रोही लड़ाकों के प्रवेश के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए अबू मोहम्मद अल-गोलानी ने राजधानी की विशाल उमय्यद मस्जिद का दौरा किया। गोलानी ने अपने उपनाम अहमद अल-शरा का उल्लेख करते हुए सैकड़ों लोगों से कहा कि असद ने सीरिया को ‘लालची ईरान का चारागाह’ बना दिया था।
सीरिया की राजधानी दमिश्क में विद्रोहियों के घुसने और राष्ट्रपति बशर-अल असद के देश छोड़कर भागने संबंधी दावों के बीच सरकार गिरने के साथ ही असद परिवार के 50 साल के शासन का रविवार तड़के अप्रत्याशित अंत हो गया और लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया और खुशी में हवा में गोलियां भी चलाईं।
‘अरब स्प्रिंग’ विद्रोह के शुरुआती दिनों की याद
दमिश्क में चौराहों पर खुशी से भरी भीड़ इकट्ठा हुई और सीरियाई क्रांतिकारी ध्वज लहराया जिससे ‘अरब स्प्रिंग’ विद्रोह के शुरुआती दिनों की याद ताजा हो गई।
राष्ट्रपति असद और दूसरे शीर्ष अधिकारियों की कोई खबर न होने के बाद अनेक लोगों ने राष्ट्रपति भवन और असद परिवार के आवास में तोड़फोड़ की।
असद के करीबी सहयोगी रहे रूस ने कहा कि असद ने विद्रोही समूहों के साथ बातचीत के बाद देश छोड़ दिया और शांतिपूर्वक सत्ता हस्तांतरण के निर्देश दिए थे।
सीरिया के भविष्य की दिशा तय करेगा गोलानी
सालों पहले अलकायदा से नाता तोड़ने वाला अबू मोहम्मद अल-गोलानी सबसे बड़े विद्रोही गुट का नेता है और वह अब देश के भविष्य की दिशा तय करने के लिए तैयार हैं। अलकायदा से अलग होने के बाद वह बहुलवाद और धार्मिक सहिष्णुता को महत्व देने की बात कहता रहा है।
असद के शासन का अंत ईरान और उसके सहयोगियों के लिए एक बड़ा झटका है, जो पहले से ही इजराइल के साथ एक साल से अधिक संघर्ष के कारण कमजोर हो गए हैं।
पूरे गृहयुद्ध के दौरान असद का पुरजोर समर्थन करते रहे ईरान ने कहा कि सीरियाई लोगों को विनाशकारी विदेशी हस्तक्षेप के बिना अपने देश का भविष्य तय करना चाहिए।
इस बीच, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अशांति के चलते सीरियाई सैनिकों के अपने मोर्चों से हटने के बाद इजरायली सैनिकों ने 1974 में गोलान हाइट्स में बनाए गए एक ‘बफर जोन’ पर कब्जा कर लिया है।